
फोटो: सोशल मीडिया
Viral Bike Video: जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र में इस्कॉन रोड, न्यू सांगानेर के पास चलती बाइक पर युवती से छेड़छाड़ का मामला अब विवादों में घिर गया है। एक ओर जहां सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में युवती के साथ अश्लील हरकत साफ नजर आ रही है, वहीं दूसरी ओर राजस्थान पुलिस ने इसे ‘रील’ से जोड़ते हुए मामला हल्का करने की कोशिश की है।
राजस्थान पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘सोशल मीडिया पर रील के चक्कर में रीयल कानून ना भूले।’ इस पोस्ट के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या पुलिस इस गंभीर घटना को सिर्फ रील बताकर कमतर आंक रही है। वायरल वीडियो में बाइक सवार दो युवक एक युवती का पीछा करते हुए उसके पास आकर अभद्र हरकत करते नजर आ रहे हैं, जिसके बाद वे मौके से फरार हो जाते हैं।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने घटना में बाइक सवार युवकों की पहचान टोंक निवासी मनराज मीणा और सुदामा मीणा के रूप में की है। हालांकि, पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मामले का संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। आरटीओ राजेन्द्र सिंह शेखावत के अनुसार आरोपियों की बाइक की आरसी सस्पेंड कर दी गई है और दोनों युवकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना पीयूसी और बिना बीमा के खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे। विभाग ने बाइक के खिलाफ चालान भी किए हैं और दोनों युवकों से लाइसेंस जब्त कर एक साल तक उन्हें लाइसेंस से वंचित रखने का निर्णय लिया है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और पुलिस के रुख को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं।
Updated on:
11 Apr 2026 10:23 am
Published on:
11 Apr 2026 09:23 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
