
Rajasthan Chunav 2024: लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद राजस्थान की सियासत गरमाई हुई है। भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच जमकर आरोप- प्रत्यारोप जारी है। इसी बीच डॉ किरोड़ी लाल मीणा का सार्वजानिक तौर पर दिया गया बयान चर्चाओं में बना हुआ है। डॉ. किरोड़ीलाल मीना ने दौसा सीट नहीं जीतने पर मंत्री पद से इस्तीफा देने की बात कही थी, जो अब देश-प्रदेश में चर्चित बन गया है। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भजनलाल शर्मा पहली बार दिल्ली जाएंगे।
मीडिया से पूछे गए सवालों के जवाब में किरोड़ी लाल मीणा ने कहा "मैंने कई सार्वजनिक मंचों पर अपनी सारी बातें कह दी हैं। आप मेरे भाषणों को देख सकते हैं, जिसमें मैंने अपने इरादे बताए हैं कि अगर मेरे प्रभाव क्षेत्र की छह में से एक भी सीट चुनाव में हारी तो मैं क्या करूंगा।"
वोटिंग से एक दिन पहले किरोड़ी ने दिया था ये बयान
कैबिनेट मंत्री किरोड़ी मीणा ने कहा था कि पीएम मोदी जब दौसा में रोड शो करने आए थे, तब उन्होंने मुझे एक लिस्ट सौंपी थी। जिसमें भरतपुर, धौलपुर-करौली, दौसा, अलवर, जयपुर ग्रामीण, टोंक-सवाईमाधोपुर और कोटा-बूंदी लोकसभा सीट का नाम था। पीएम मोदी ने इन सीटों पर प्रचार के लिए कहा था।
ऐसे में इन सीटों पर खूब प्रचार भी किया था। लेकिन, अगर इन सीटों में से एक पर भी बीजेपी हार गई तो मैं इस्तीफा दे दूंगा। इससे पहले भी कई बार किरोड़ी कह चुके थे कि अगर दौसा में बीजेपी प्रत्याशी नहीं जीता तो वे मंत्री पद छोड़ देंगे। अब किरोड़ी मीणा चुनाव हार गए हैं। यही वजह है कि उनके इस्तीफे का बयान चर्चाओं में है।
भाजपा के कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीना आने वाले दिनों में भजन लाल शर्मा सरकार से इस्तीफा दे सकते हैं और दौसा, करौली-धौलपुर और टोंक-सवाई माधोपुर में पार्टी की हार के लिए नैतिक जिम्मेदारी ले सकते हैं। ऐसे ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी पर भी पार्टी के खराब प्रदर्शन के कारण आंच आ सकती है।
Updated on:
6 Jun 2024, 1:47 PM IST
Published on:
6 Jun 2024, 11:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.