
SI Paper Leak Case: राजस्थान में एसआई भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग उठा रहे छात्रों के पक्ष में खड़े कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीना का हनुमान बेनीवाल साथ देते नजर आ रहे है। बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर किरोड़ी का समर्थन करते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने लिखा कि जयपुर के महेश नगर थाने के रोजनामचे में राजस्थान सरकार के वरिष्ठ मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल के खिलाफ राजकार्य में बाधा का प्रकरण किसके कहने से दर्ज हुआ ?
बता दें कि एसआई परीक्षार्थियों के घर सीआई कविता शर्मा देर रात पाबंद करने के लिए पहुंची। उसी वक्त सूचना पर मंत्री किरोड़ी लाल भी पहुंच गए। मंत्री ने सीआई से देर रात कार्रवाई को लेकर विरोध जताया। जिसे लेकर सीआई कविता शर्मा ने पुलिस के रोजनामचा किरोड़ी लाल के खिलाफ राजकार्य में बाधा की रिपोर्ट लिखी। जिसे लेकर मंत्री किरोड़ी लाल मीना ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता की।
हनुमान बेनीवाल ने किरोड़ी लाल के समर्थन में सरकार का विरोध जताते हुए लिखा कि 'मेरा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सवाल है कि जयपुर के महेश नगर थाने के रोजनामचे में राजस्थान सरकार के वरिष्ठ मंत्री डॉक्टर किरोड़ी लाल के खिलाफ राजकार्य में बाधा का प्रकरण किसके कहने से दर्ज हुआ ? राजस्थान में SI भर्ती परीक्षा का पेपर लीक होने का प्रमाण राज्य की सबसे बड़ी जांच एजेंसी SOG दे चुकी है। ऐसे में राजस्थान सरकार के वरिष्ठ मंत्री किरोड़ी लाल द्वारा इस भर्ती को रद्द करवाने की मांग को लेकर आंदोलित छात्रा को पुलिस द्वारा घर से जबरन उठाने के मामले में पुलिस से जानकारी लेने से जुड़े मामले में कौनसा राजकार्य बाधित हुआ ?'
उन्होंने आगे लिखा कि 'प्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा कहना की सरकार मेरी है तो क्या मैं अन्याय सहन करूंगा ? मंत्री जी का यह वक्तव्य इस बात का प्रमाण है कि राजस्थान की भाजपा सरकार संवेदनशील नहीं है और बेरोजगारों के मुद्दे पर भाजपा दोगलापन कर रही है ऐसे में यह भी स्पष्ट है कि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है क्योंकि SOG, पुलिस मुख्यालय तथा एडवोकेट जनरल भी इस भर्ती को रद्द करने की सिफारिश कर चुके है बावजूद इसके सरकार चुप है।'
कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीना ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में पीएम मोदी का एक वीडियो सुनाते हुए बुधवार को पुलिस की दबिश पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस परिजनों को बिना बताए हिरासत में नहीं ले सकती। आगे किरोड़ी लाल मीना ने कहा इस दबिश की दहशत के बाद युवती की दादी की मौत हो गई। मैंने पुलिस के उच्च अधिकारियों को रात में कार्रवाई करने से मना किया लेकिन वो नहीं रुकी। जिसकी वजह से मुझे मौके पर जाना पड़ा।
उन्होंने कहा कि इस मामले में मैंने पुलिस के उच्च अधिकारियों तक ये बात पहुंचाई है। इस दौरान BNS का हवाला देकर कहा कि रात में युवती की अवैध गिरफ्तारी एक तरह से अपहरण है। उन्होंने कहा कि पुलिस के अधिकारी कविता शर्मा के विरुद्ध निलंबन की अनुशंसा कर चुके, फिर किसकी मेहरबानी से बची हुई हैं।
Updated on:
7 Dec 2024, 8:05 AM IST
Published on:
7 Dec 2024, 8:05 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.