
लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए राजस्थान की 12 सीटों पर शुक्रवार को वोटिंग संपन्न हो गई। अब शेष रही 13 सीटों पर दूसरे और अंतिम चरण का मतदान 26 अप्रेल को होगा। यही वजह है कि राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान आगामी चरण के चुनावी क्षेत्रों में रफ़्तार पकड़ने जा रहा है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज राजस्थान के चुनावी दौरे पर रहेंगे। वे यहां दूसरे चरण के लोकसभा चुनाव की सीटों पर प्रचार अभियान में जुटेंगे। दोनों टॉप स्टार प्रचारकों के जारी हुए कार्यक्रमों के अनुसार गृह मंत्री अमित शाह सुबह 11 बजे भीलवाड़ा के जहाजपुर में और दोपहर साढ़े 12 बजे कोटा में जनसभा को संबोधित करेंगे।
भीलवाड़ा में जहां वे भाजपा प्रत्याशी दामोदर अग्रवाल के समर्थन में वोट मांगेंगे, तो वहीं कोटा में प्रत्याशी ओम बिरला के लिए प्रचार करने उतरेंगे।
इसी तरह से यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ आज दोपहर 1 बजे चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में प्रत्याशी सीपी जोशी के लिए रोड शो और दोपहर ढ़ाई बजे राजसमंद के भीम में प्रत्याशी महिमा कुमारी के लिए जनसभा करेंगे। इसके बाद आज ही शाम को साढ़े 4 बजे जोधपुर में भाजपा प्रत्याशी गजेंद्र सिंह शेखावत के लिए रोड शो करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल रविवार 21 अप्रेल को एक बार फिर राजस्थान के चुनावी दौरे पर रहेंगे। वे जालोर-सिरोही और बांसवाड़ा-डूंगरपुर की दो अलग-अलग लोकसभा सीट जनसभा करेंगे। जालोर-सिरोही में जहां वे भाजपा प्रत्याशी लुम्बाराम चौधरी के समर्थन में ‘विजय संकल्प सभा’ करेंगे, वहीं बांसवाड़ा-डूंगरपुर की सभा में प्रत्याशी महेंद्र जीत सिंह मालवीया के लिए वोट अपील करेंगे। प्रधानमंत्री की सभाओं को संबंधित लोकसभा क्षेत्रों में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गौरतलब है कि जालोर-लोकसभा सीट प्रदेश की हॉट सीटों में से एक है। यहां भाजपा प्रत्याशी लुम्बाराम के सामने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत कांग्रेस पार्टी से प्रत्याशी हैं। हाल ही में कांग्रेस की स्टार प्रचारक व महासचिव प्रियंका गांधी यहां प्रचार करके गईं हैं। इसी तरह से बांसवाड़ा-डूंगरपुर पर कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री महेंद्र जीत सिंह मालवीया को टिकट थमाया है।
मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी आज दूसरे चरण की लोकसभा सीटों पर प्रचार करते नज़र आएंगे। सीएम भजन लाल जहां बालोतरा में कई कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे, तो वहीं पूर्व सीएम अशोक गहलोत बारां के छीपाबड़ौद में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में सार्वजनिक सभा को संबोधित करेंगे।
Updated on:
20 Apr 2024 10:35 am
Published on:
20 Apr 2024 10:24 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
