गौरतलब है कि रविवार को डाक विभाग द्वारा आयोजित पोस्टमैन व मेल डाक पद के भर्ती परीक्षा के दौरान झोटवाड़ा, श्याम नगर, महेशनगर, बजाज नगर व मालवीय नगर थाना पुलिस ने पांच परीक्षा केन्द्रों से 94 छात्रों को नकल करने के मामले में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपी छात्रों के पास से मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, इयर डिवाइस जैसे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए थे। पकड़े गए सभी अभ्यर्थी हरियाणा के हिसार, जींद, कैथल, भिवानी, फरीदाबाद, रोहतक के रहने वाले थे। परीक्षार्थियों में 4 लड़कियां भी शामिल हैं। पांचों थानों की पुलिस ने पकड़े सभी परीक्षार्थियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से 2 दिन के लिए रिमांड पर भेज दिया था। चारों युवतियों को जेल भेज दिया गया था।