आरोपी छम्मी ने कहा कि सात दिन पहले उसका मोबाइल गुम हो गया। छम्मी को लाने वाली टीम ने भी गुम होना बताया। मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे एसओजी मुख्यालय में हैदराबाद से पकड़े गए वांटेड ओमप्रकाश ढाका व सुनील बेनीवाल को लेकर टीम पहुंची। करीब दो घंटे बाद अनुसंधान टीम ने आरोपी ओमप्रकाश से पूछा कि उसकी छम्मी से आखिरी बार बात कब हुई, तब उसने बताया कि मंगलवार सुबह ही उसके मोबाइल पर हुई थी। यह सुनकर अनुसंधान करने वाली टीम सन्न रह गई। अनुसंधान टीम को समझ में नहीं आया कि पुलिस कस्टडी में एक जुलाई को छम्मी आ गई। सात दिन पहले उसका मोबाइल गुम हो गया और मंगलवार सुबह आरोपी ओमप्रकाश की उसके ही मोबाइल पर बात हो रही है। आखिर मोबाइल में ऐसा क्या राज है, जो उसे अनुसंधान टीम को नहीं सौंपा गया। रात को टीम ने खुद का मोबाइल भी बंद कर लिया। अब बड़ा सवाल है कि मोबाइल गुम होने की बात झूठ क्यों बोली?