
फोटो: AI
Jaipur Devlopment: जयपुर की द्रव्यवती नदी का किनारा अब ‘एंटरटेनमेंट पैकेज’ का नया ठिकाना बनने जा रहा है। जेडीए ने एक्टिविटी जोन बनाने की योजना बनाई है, जिसकी शुरुआत सांगानेर से होगी। बच्चों के लिए प्ले एरिया और ओपन जिम मुफ्त होंगे, जबकि बॉक्स क्रिकेट और टेनिस कोर्ट का शुल्क तय होगा। फूड वैन और मूवेबल कियोस्क भी होंगे। यानी नदी किनारे अब पिकनिक, खेलकूद और खानपान का पूरा पैकेज मिलेगा। जयपुर के लोग तैयार रहें—नदी किनारे का नजारा बदलने वाला है।
राजधानी में द्रव्यवती नदी कॉरिडोर किनारों पर जेडीए एक्टिविटी जोन बनाने की तैयारी कर रहा है। शुरुआत हल्दी घाटी मार्ग से होगी। यहां करीब सात हजार वर्ग फीट जगह चिन्हित की गई है, जहां खेल सुविधाओं से लेकर फूड मार्केट तक विकसित किया जाएगा। अभियंता 15 दिन में कार्ययोजना बनाकर उच्च अधिकारियों को सौंपेंगे। इसको लेकर सचिव निशांत जैन ने आदेश जारी किए हैं।
अधिकारियों के अनुसार द्रव्यवती नदी की पूरी लंबाई को अलग-अलग हिस्सों में बांटकर विकसित किया जाएगा। हर हिस्से को आमजन की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया जाएगा। माना जा रहा है कि यहां मनोरंजन, खेलकूद और खानपान के विकल्प उपलब्ध होंगे।
सांगानेर में खुली जेल के पास हल्दीघाटी क्षेत्र में जेडीए स्वामित्व की करीब 14 हजार वर्ग फीट जमीन खाली है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत इसमें से सात हजार वर्ग फीट जगह विकसित की जाएगी। दूसरे चरण में मानसरोवर, विद्याधर नगर और अजमेर रोड स्थित पुरानी चुंगी पर काम होगा।
नदी किनारे अलग-अलग 5 जोन में सर्वाधिक जमीन है। जेडीए अधिकारियों के अनुसार इन पांच जोन में 90 हेक्टेयर से अधिक जमीन है। आने वाले समय में इस पर जनहित से जुड़े प्रोजेक्ट विकसित किए जाएंगे।
Updated on:
11 Mar 2026 07:37 am
Published on:
11 Mar 2026 07:37 am
