
अजमेर में सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लाइन। फोटो जय माखीजा
Rajasthan LPG Crisis : राजस्थान में एलपीजी संकट के बीच गैस कंपनियों ने पहले उपभोक्ताओं पर 25 दिन पहले सिलेंडर बुक करने की पाबंदी लगाई। अब मंगलवार को एक आदेश जारी कर गैस एजेंसियों से सीधे बुकिंग पर रोक लगा दी गई है। इस पर उपभोक्ताओं ने जब टोल फ्री नंबर पर बुकिंग करने का प्रयास किया तो यह नंबर अमान्य होने का संदेश प्राप्त हो रहा है। ऐसे में उपभोक्ताओं को समझ में नहीं आ रहा है कि वह गैस कहां पर बुक कराएं। इधर, एजेंसी संचालकों का कहना है कि नए नियम के चलते वह सीधी बुकिंग नहीं ले सकते हैं।
व्यावसायिक सिलेंडरों पर रोक से होटल, रेस्टोरेंट के कारोबार में करीब 25 फीसदी तक की कमी आई है। कैटरर्स ने नई बुकिंग लेने से फिलहाल हाथ खड़े कर दिए हैं। जो लोग शादियां या छोटे कार्यक्रमों के लिए पूछताछ कर रहे हैं। उन्हें होल्ड पर रखा जा रहा है।
रेस्टोरेंट में मिठाइयों की दुकानों पर सिगड़ी पर कढ़ाई चढ़ानी शुरू हो गई है। वर्षों से बंद पड़ी डीजल की भट्टियों से धूल झाड़ कर तैयार किया जा रहा है। इस बीच कुछ लोगों ने विवाह में भोजन या विवाह को ही कैंसिल करने पर भी विचार शुरू कर दिया है। मार्च और अप्रैल माह में जयपुर में करीब 10000 शादियां हैं।
गैस कंपनी के अधिकारी घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई को बहाल बता रहे हैं लेकिन मंगलवार को जयपुर में ही खराब हालत सामने आए। उपभोक्ता 25 दिन बाद भी सिलेंडर बुक नहीं कर पाए। आईवीआरएस टोल फ्री नंबर पर संदेश आ रहा है कि यह नंबर अस्थाई रूप से अमान्य है। ऐसे में शहर की गैस एजेंसियों में अफरा तफरी मची है। परेशान उपभोक्ता एजेंसी पहुंचे तो वहां उन्हें बताया गया कि सीधे गैस एजेंसी से बुकिंग बंद कर दी गई है।
ऑयल कंपनियों की ओर से कोटा में भी मंगलवार को व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति नहीं होने से एजेंसियों ने व्यावसायिक गैस सिलेंडर की डिलीवरी बंद कर दी है। घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग, डिलीवरी के 21 दिन बाद ऑनलाइन की जा रही है। एलपीजी गैस सिलेंडर की किल्लत के चलते 3 दिन में बुकिंग का आंकड़ा 25 हजार पार कर गया है।
एलपीजी संकट शहरों के साथ अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी पहुंच गया है। करौली, दौसा समेत कई जगह उज्जवला घरेलू गैस कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को सिलेंडर नहीं मिले। व्यापारियों के अनुसार रोजाना तैयार होने वाली मिठाइयों व नमकीन आदि बनाने में 15 फीसदी तक कटौती करना शुरू कर दिया गया है।
प्रदेशभर की 1300 से ज्यादा एजेंसियों पर घरेलू सिलेंडर की बुकिंग का अंबार लग रहा है। हाल यह हैं कि जहां पहले सिलेंडर के लिए 7 दिन का इंतजार था। वहीं अब यह तीन दिन के भीतर बढ़ कर 10 दिन तक हो गया है। दिन में एजेंसियों की पड़ताल की गई तो संचालकों ने स्वीकार किया कि बॉटलिंग प्लांट से जरूरत के अनुसार सिलेंडर की आपूर्ति नहीं हो रही है।
फूड प्रोडक्ट के साथ-साथ इंजीनियरिंग और फैब्रिक्स इंडस्ट्रीज पर भी पड़ सकता है। इसका प्रभाव अगले 5 से 7 दिनों में दिखाई देना शुरू हो जाएगा।
जगदीश सोमानी, प्रदेशाध्यक्ष, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल
व्यावसायिक सिलेंडर नहीं मिल रहे। काम कैसे करेंगे। बुकिंग अभी होल्ड पर रख रहे हैं।
मनोज सेवानी, अध्यक्ष, जयपुर कैटरिंग डीलर्स समिति
बेटी की शादी के कार्ड छप चुके हैं। 26 मार्च की शादी है। सिलेंडर की व्यवस्था नहीं हुई तो 2 हजार लोगों का खाना कैसे बनेगा। एक-दो दिन में सप्लाई शुरू नहीं हुई तो संबंधी से कैंसिल करने को लेकर बात करेंगे।
मुकेश कुमार सैनी, बैनाड़ रोड
व्यावसायिक सिलेंडर पर रोक से 2 दिन में ही जयपुर में करीब 25 फीसदी कारोबार प्रभावित हो गया है। शहर के 35 से 40 हजार प्रतिष्ठानों पर मुश्किल आ गई है।
राजेंद्र रावत, अध्यक्ष जयपुर हलवाई समिति
घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई को बहाल रखने और के लिए जैसे ही 25 दिन का राइडर लगाया तो पैनिक बुकिंग 20 फीसदी से ज्यादा बढ गई। पांबदियां उपभोक्तओं की सहूलियतों के लिए ही हैं। अब प्रदेश में घरेलू गैस सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह से समान्य है और 10 दिन की वेटिंग भी नहीं है। हालांकि व्यवसायिक सिलेंडर पर रोक है।
आशीष कुमार, महाप्रबंधक, एलपीजी, राजस्थान स्टेट ऑफिस
Published on:
11 Mar 2026 07:43 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
