
पोषण अभियान की 54 फीसदी राशि का ही उपयोग कर सका राजस्थान
पत्रिका ब्यूरो
नई दिल्ली. केंद्र की ओर से 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं व स्तनपान करवाने वाली माताओं के पोषण की स्थिति सुधारने के लिए शुरू की गई पोषण योजना में उपलब्ध करवाई गई राशि में से राजस्थान सरकार 54 प्रतिशत का ही उपयोग कर सकी है।
महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को लोकसभा में जयपुर ग्रामीण के सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के प्रश्न पर लिखित जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में राजस्थान को पोषण अभियान के तहत 22904.21 लाख रुपए की निधि उपलब्ध करवाई गई। इसमें से 31 मार्च 2022 तक राज्य ने 12258.06 लाख रुपए यानी 54 फीसदी राशि का उपयोग किया। सभी राज्यों ने केंद्र से मिली राशि में से औसतन 66 प्रतिशत राशि का उपयोग किया है। सिक्किम व मेघालय शत प्रतिशत उपयोग करने वाले राज्यों में शामिल है, जबकि पश्चिम बंगाल व पंजाब ने राशि का उपयोग ही नहीं किया। इन राज्यों का उपभोग प्रतिशत शून्य है।
पचपदरा में पेट्रोलियम, रसायन और पेट्रो-रसायन निवेश क्षेत्र
बाड़मेर के पचपदरा में पेट्रोलियम, रसायन व पेट्रो-रसायन निवेश क्षेत्र स्थापना का प्रस्ताव आर्थिक मामलों की केबिनेट समिति (सीसीईए) के समक्ष विचाराधीन है। रसायन व उर्वरक राज्यमंत्री भगवंत खुबा ने नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल के प्रश्न पर लिखित जवाब में बताया कि राज्य सरकार की ओर से भेजा गया प्रस्ताव उच्चाधिकार प्राप्त समिति ने जांच के बाद गत वर्ष 21 जनवरी को सीसीईए को मंजूरी के लिए सिफारिश की थी। इसके बाद प्रस्ताव मंजूरी के लिए गत वर्ष 21 मार्च को सीसीईए को भेजा गया था।
नए आर्मी स्कूल का प्रस्ताव नहीं
रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने लोकसभा में पाली के सांसद पीपी चौधरी के सवाल के जवाब में बताया कि राजस्थान में कोई नया आर्मी स्कूल खोलने का प्रस्ताव नहीं है। उन्होंने बताया कि अभी प्रदेश में दस आर्मी पब्लिक स्कूल संचालित किए जा रहे हैं।
आयुष शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता
आयुष मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने अजमेर के सांसद भागीरथ चौधरी के सवाल पर बताया कि राजस्थान में आयुष उपचार के शिक्षण संस्थानों में आधारभूत ढांचे के विकास के लिए जोधपुर के डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय को साल 2016-17 में 592.72 लाख रुपए तथा एमएमएम राजकीय आयुर्वेद कॉलेज उदयपुर को साल 2014-15 में 150 लाख, 2017-18 में 54 लाख तथा 2019-20 में 46 लाख रुपए की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई गई है।
राजस्थान में 225 ब्लड बैंक
जयपुर के सांसद रामचरण बोहरा के प्रश्न पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री भारती प्रवीण पवार ने बताया कि राजस्थान में 225 ब्लड बैंक कार्यरत हैं। इनमें से 64 सरकारी 161 निजी ब्लड बैंक हैं। देश में कुल 3917 ब्लड बैंक संचालित किए जा रहे हैं। इनमें 2670 निजी ब्लड बैंक शामिल हैं। रक्तदान को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रमों के अलावा रक्तदान शिविरों व रक्तदाताओं के पंजीकरण के लिए ई-रक्तकोष वेबपोर्टल बनाया गया है। इस वेबपोर्टल से ब्लड बैंक की मॉनिटरिंग भी की जाती है। सरकार ने केंद्रीय कर्मचारियों के लिए चार आकस्मिक अवकाशों का भी प्रावधान किया है। इसका उपयोग रक्तदान के लिए किया जा सकता है। खून की अवैध बिक्री रोकने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसे रोकने की जिम्मेदारी राज्य सरकारों की है।
सक्षम आंगनबाड़ी बनेंगे 215 केंद्र
प्रदेश के तीन जिलों के 215 आंगनबाड़ी केंद्रों का सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में उन्नयन किया जा रहा है। इनमें सर्वाधिक 200 बारां और 10 धौलपुर व 5 करौली के हैं। सांसद जसकौर मीणा को महिला विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने लिखित जवाब में बताया कि केंद्र ने साल 2025-26 तक देश के आकांक्षी जिलों की दो लाख आंगनबाड़ी को सक्षम बनाने के लिए 1040 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं। इस साल 40 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों का उन्नयन किया जा रहा है।
Published on:
11 Feb 2023, 5:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.