
जयपुर। Rajasthan Weather News: राजधानी जयपुर समेत प्रदेशभर में विभिन्न जगहों पर आश्विन महीने में भी मेघ एक बार फिर से मेहरबान हैं। प्रदेश के कई जिलों में मौसम सुहावना बना हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के सात संभागों में बारिश की संभावना जताई है। धूप और उमस के बाद सोमवार शाम से जयपुर में मौसम ने करवट ली है। हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के बाद शहरवासियों ने गर्मी से राहत की सांस ली।
इधर बीसलपुर बांध में पानी की आवक लगातार जारी है। कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश से लगातार बांध के जलस्तर में वृद्धि हो रही है। मंगलवार सुबह का बांध का जलस्तर 311.91 आरएल मीटर दर्ज किया गया। वहीं त्रिवेणी का गेज 3.90 मीटर दर्ज किया। मानसूनी सीजन में कुल अब तक 11.11 टीएमसी पानी की आवक दर्ज की गई।
पूर्वी राजस्थान के साथ पश्चिमी क्षेत्र और दक्षिण राजस्थान में गुजरात से सटे इलाकों में दोपहर बाद काले घने बादल छाए और तेज हवाएं चली। इससे लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग ने 28 सितंबर से 1 अक्टूबर तक प्रदेश के कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। बीते दिन सर्वाधिक तापमान पूर्वी राजस्थान में बूंदी में 33.6 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी राजस्थान में फलोदी और बाड़मेर में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यहां के लिए अलर्ट-
विभाग ने बांसवाड़ा, बारां, बूंदी, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर, झालावाड़, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद और उदयपुर जिलों में कहीं-कहीं पर मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान में जोधपुर और बीकानेर संभागों में कहीं-कहीं पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है।
भरतपुर, जयपुर, अजमेर, उदयपुर और कोटा संभागों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। राजधानी जयपुर में शाम तक हल्की बारिश होने के पूरे आसार रहेंगे। वहीं तापमान के पूर्वानुमान की बात की जाए तो अधिकतम पारा 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
Published on:
28 Sept 2021 11:42 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
