11 जून 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में मौसम का यू-टर्न: श्रीगंगानगर में आंधी-बारिश, पांच संभाग में 12-13 जून को आंधी-बरसात का अलर्ट

Rajasthan weather update राजस्थान में मौसम का मिजाज फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 12 और 13 जून को राज्य के पांच संभाग में तेज अंधड़ और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

2 min read
Google source verification
Rajasthan weather update (2)

श्रीगंगानगर में आंधी-बारिश। फोटो पत्रिका

Rajasthan weather update: जयपुर। राजस्थान में मौसम का मिजाज फिर बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दो सप्ताह का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार 12 और 13 जून को राज्य के पांच संभाग में तेज अंधड़ और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। वहीं श्रीगंगानर जिले में गुरुवार शाम को मौसम ने एक बार फिर करवट ली। तेज हवा के साथ बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली।

इन 5 संभागों में दिखेगा आंधी-बारिश का अलर्ट

मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, एक नए मौसमी तंत्र के सक्रिय होने के कारण आगामी 12-13 जून को प्रदेश के बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, अजमेर और जोधपुर संभाग के कुछ हिस्सों में तेज मेघगर्जन और आंधी के साथ कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। आंधी और बारिश की यह गतिविधियां 14 से 16 जून तक राज्य के कुछ भागों में रुक-रुक कर जारी रहेंगी।

आगामी दो सप्ताह के लिए पूर्वानुमान

मौसम केंद्र जयपुर की मानें तो प्रथम सप्ताह (12 से 18 जून) के दौरान पश्चिमी राजस्थान में बारिश सामान्य से अधिक होने की उम्मीद है, जबकि पूर्वी राजस्थान में यह सामान्य से कम होने की संभावना है। दूसरे हफ्ते (19 से 25 जून) में राज्य में बारिश की गतिविधियां सुस्त पड़ जाएंगी और पूरे प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा सकता है।

तापमान में 3 डिग्री तक गिरावट

आगामी दिनों में आंधी-बारिश के असर से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है। हालांकि अधिकांश भागों में पारा 40 से 43 डिग्री दर्ज होने और उमस भरी गर्मी का दौर जारी रहने की संभावना है।

आंधी, बारिश और ओलों से बदला मौसम का मिजाज

श्रीगंगानगर जिले में मौसम ने एक बार फिर करवट ली। दोपहर बाद अचानक धूलभरी आंधी और गर्म हवाओं के चलने से जनजीवन प्रभावित रहा। हालांकि तेज धूप का असर कम होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली और तापमान में भी मामूली गिरावट दर्ज की गई। शाम करीब पांच बजे घड़साना क्षेत्र में तेज तूफानी हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे सड़कों पर पानी बहने लगा और वातावरण में ठंडक घुल गई। वहीं लाधूवाला सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बूंदाबांदी के साथ चने के आकार के ओले गिरे। मौसम में आए इस बदलाव से एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवा के कारण कई स्थानों पर धूल का गुबार छा गया।