29 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Weather News: राजस्थान में यहां हुई अच्छी बारिश, चार दिन आंधी-बारिश का अलर्ट

Rajasthan Weather News: राजस्थान में गर्मी आग उगल रही है। इस बार सबसे खास बात देखने को मिल रही है कि दिन के पारे को रात का पारा टक्कर दे रहा है। दिन में पारा भले ही सामान्य से दो से तीन डिग्री तक अधिक है लेकिन रात का पारा साामन्य से पांच डिग्री से अधिक है।

2 min read
Google source verification
Weather News

फोटो पत्रिका

Rajasthan Weather News : जयपुर। राजस्थान में गर्मी आग उगल रही है। इस बार सबसे खास बात देखने को मिल रही है कि दिन के पारे को रात का पारा टक्कर दे रहा है। दिन में पारा भले ही सामान्य से दो से तीन डिग्री तक अधिक है लेकिन रात का पारा साामन्य से पांच डिग्री से अधिक है।

प्रदेश में सोमवार को भरतपुर, बूंदी, चित्तौडगढ़, धौलपुर, करौली, कोटा, सवाईमाधोपुर, बालोतरा, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर फलोदी में दिन के साथ रात को भी लू चली। नौ शहरों में दिन का पारा 45 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया।

जैसलमेर में सर्वाधिक दिन का तापमान जैसलमेर में 46.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं छह शहरों में रात का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री या इससे अधिक दर्ज किया गया। फलोदी और संगरिया में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 33 डिग्री तक दर्ज किया गया।

अनूपगढ़ के ग्रामीण इलाकों में हुई 20 मिनट बारिश

श्रीगंगानगर जिले के अनूपगढ़ क्षेत्र में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली। जहां दोपहर बाद ग्रामीण अंचल में बारिश और हल्की ओलावृष्टि दर्ज की गई, वहीं शहरी क्षेत्र सूखा रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिल सकी।

दोपहर करीब 2 बजे आसमान में धूलभरी आंधी छा गई और तेज हवाएं चलीं, जिसके बाद उमस बढ़ गई। लगभग तीन बजे बादलों की तेज गर्जना के साथ ग्राम पंचायत 11 पी पतरोड़ा सहित आसपास के गांवों में करीब 20 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। वहीं, गांव तीन पी में एक-दो मिनट तक हल्की ओलावृष्टि भी दर्ज की गई।

आगे क्या

मौसम केन्द्र के अनुसार एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, साथ ही बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाओं का प्रभाव भी बढ़ेगा। इसके चलते मंगलवार से आगामी 4 दिनों में दोपहर बाद कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि आंधी और बारिश के प्रभाव से अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से आंशिक राहत मिलने की उम्मीद है।