जयपुर। प्रदेश से विदा हो चुकी सर्दी ने बारिश व ओलावृष्टि के साथ पलटा खाया है। ओलावृष्टि से प्रदेश में करीब आधा दर्जन जिलों में बारिश व ओलों की मार ने जमकर तबाही मचाई। यकायक मौसम ने रविवार शाम को पलटा खाया और बारिश व ओलों से अलवर,सीकर, भरतपुर समेत कई जिलों में खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने चक्रवाती तंत्र के असर से हवा की दिशा में हुए बदलाव और स्थानीय मौसम तंत्र सक्रिय होने के कारण अगले 48 घंटे में प्रदेश के पूर्वोत्तर इलाकों में छिटपुट बौछारें गिरने व सप्ताह के मध्य तक भारी बारिश व ओलावृष्टि होने का अंदेशा जताया है। बीते रविवार को शेखावाटी में सीकर के खंडेला,श्रीमाधोपुर,रानोली, नांगल नाथूसर और पलसाना नागौर के कुचामन सिटी, अलवर में पावटा, बहरोड़, विराट नगर और शाहपुरा में बारिश व ओलावृष्टि हुई है।