
जयपुर. चुनाव होते ही बिजली चोरी को लेकर जयपुर डिस्कॉम प्रबंधन मंगलवार को एक्शन में दिखा। डिस्काॅम की विजिलेंस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शहर के रामगंज क्षेत्र के मौहल्ला टिक्कीगरान में एलटी लाइन के पैनल बॉक्स से अवैध विद्युत कनेक्शन लेकर चलाए जा रहे ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर छापा मारा। टीम ने मौके पर पहुंच कर अवैध रूप से चार्ज किए जा रहे 10 ई-रिक्शा व अन्य उपकरणों को जब्त किया।
जयपुर डिस्कॉम की विजिलेंस विंग के हैड रघुवीर सैनी ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिक्कीगरान मौहल्ले में सिराज अहमद के मकान में एलटी लाइन के पैनल बॉक्स से अवैध कनेक्शन लेकर अवैध ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन चलाया जा रहा था।
सूचना पर उप अधीक्षक अमजद खान, अधिशासी अभियंता अनिल टोडवाल, कनिष्ठ अभियंता सुमन कुमारी व विद्युत चोरी निरोधक थाने के थाना प्रभारी की एक टीम गठित की गई। अमजद ने मंगलवार को टीम व पुलिस जाब्ते के साथ मकान पर छापा मारा। सैनी ने बताया कि यहां अवैध विद्युत कनेक्शन लेकर बीते एक वर्ष से चार्जिंग स्टेशन चल रहा था। बिजली चोरी करने पर विद्युत चोरी अधिनियम के तहत मकान मालिक पर 2.41 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
Published on:
5 Dec 2023, 8:25 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.