
Rajasthan Politics : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की बीच चल रही जुबानी जंग में अब प्रदेश के प्रभारी ने नया मोर्चा खोल दिया है। प्रदेश प्रभारी सुखजिन्द्रसिंह रंधावा ने कड़े शब्दों में कहा कि कांग्रेस के खिलाफ जो काम करेगा वह पार्टी में नहीं रहेगा क्योंकि कांग्रेस को कांग्रेस ही हराती है। इससे नुकसान लीडर का नहीं बल्कि पार्टी का होता है।
किसी के खिलाफ बोलना आसान है। जिम्मेदारी के साथ काम करना उससे अलग बात है। पंजाब में मनप्रीत बादल के पार्टी छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ा। असल में तो उसके पार्टी में आने से मुझे झटका लगा था। सच यह है कि जो कांग्रेस पार्टी की विचाराधारा का नहीं है, वो कैसे चलेगा पार्टी के साथ।
प्रदेश प्रभारी रंधावा के इस बयान को सचिन पायलट के बयान से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के साथ काम करने की नसीहत और भाषा पर संयम की चेतावनी भी माना जा रहा है। प्रदेश प्रभारी रंधावा ने पार्टी नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के दौरान कोई लीडर अपने क्षेत्र की जनता के बीच नहीं मिला तो ऐसे लोग हमको नहीं चाहिए।
आग लगाना आसान, आग बुझाना मुश्किल
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि दुनिया भर में जब मंदी आई थी तो भारत अछूता रहा। इसकी वजह थे प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जिनके अर्थशास्त्र के ज्ञान को दुनिया भर में सम्मान मिला। आज देश में महंगाई व बेरोजगारी है, तनाव है। भाजपा भेदभाव की राजनीति करती है। क्या हम हिन्दू नहीं हैं। क्या महात्मा गांधी हिन्दू नहीं थे। उनके सीने में गोली मारी गई तो आखिरी शब्द थे, हे! राम। मुख्यमंत्री ने कहा कि आग लगाना आसान है, बुझाने में समय लगता है। मकान तोड़ना आसान है, बनाने में वक्त लगता है।
कार्यकताओं के आर्शीवाद से ही मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कार्यकताओं के आशीर्वाद से ही तीन बार सीएम बन सका। माई बाप तो जनता व कार्यकर्ता ही है। अच्छा काम करने के बावजूद हम चुनाव कैसे हार जाते हैं, यह प्रश्नचिह्न है। जनता का काम कराने में हमने कभी कमी नहीं रखी। कई बार हवा ही ऐसी चल जाती है। इसके बावजूद हमेशा सकारात्मक सोच से काम किया है। कभी काम नहीं रोकते, बिना भेदभाव के विकास कार्य करवाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप मांगते-मांगते थक जाएंगे, मैं देते नहीं थकूंगा।
जनता के बीच कार्यकर्ता बनकर करें काम
कांग्रेस के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत जंक्शन धानमंडी में शुक्रवार को हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में नेताओं को कार्यकर्ता बनकर जनता के बीच जाने एवं काम करने की सख्त हिदायत दी गई। पार्टी को लीडर की बजाय कार्यकर्ताओं की अधिक जरूरत बताई गई। साथ ही आम कार्यकर्ता को पार्टी में मिलने वाले मान-सम्मान के उदाहरण दिए गए। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश प्रभारी सुखजिन्द्रसिंह रंधावा ने कार्यकर्ताओं को एकजुटता के साथ सरकार के अच्छे कामकाज का प्रचार-प्रसार जनता के बीच जाकर करने को कहा।
ये रहे उपस्थित...
सम्मेलन के दौरान राजस्थान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा, जिला प्रभारी मंत्री गोविन्द मेघवाल, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के प्रभारी किशनलाल जेदिया, राजस्थान राज्य अन्य पिछडा वर्ग वित्त व विकास आयोग के अध्यक्ष पवन गोदारा, विधायक चौधरी विनोद कुमार, विधायक अमित चाचाण, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, सभापति गणेशराज बंसल, जिला प्रभारी व प्रदेश सचिव जियाउर रहमान, नसीम अख्तर, पूर्व सांसद भरतराम मेघवाल, पूर्व विधायक परम नवदीप, पूर्व विधायक महेन्द्रसिंह बराड़, पूर्व विधायक डॉ. सुरेश चौधरी, पूर्व उप जिला प्रमुख शबनम गोदारा, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, मनीष धारणिया, गुरमीत सिंह चंदड़ा, बाल कल्याण समिति अध्यक्ष जितेन्द्र गोयल, श्रवण तंवर आदि मंचासीन रहे। नगर परिषद सभापति गणेशराज बंसल ने कार्यक्रम समापन पर आभार जताया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गुरुवार रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में किया। इस दौरान नोहर विधायक अमित चाचाण, डूंगरराम गेदर, राजेन्द्र चाचाण व आयोग अध्यक्ष पवन गोदारा मौजूद रहे।
Published on:
21 Jan 2023 06:24 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
