1 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Reet Paper Leak: आरोपी बत्तीलाल की कई नेताओं के साथ की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल

Reet Paper Leak: स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) रीट परीक्षा पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड बत्तीलाल का अभी सुराग नहीं लग सका है। लेकिन आरोपी बत्तीलाल की कुछ नेताओं के साथ की फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है।

3 min read
Google source verification
dotasara.jpg

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
जयपुर। Reet Paper Leak: स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) रीट परीक्षा पेपर लीक मामले में मास्टर माइंड बत्तीलाल का अभी सुराग नहीं लग सका है। लेकिन आरोपी बत्तीलाल की कुछ नेताओं के साथ की फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि WhatsApp पर रीट पेपर सर्कुलेट कराने के मामले में मुख्य आरोपी के फोटो में डोटासरा और कांग्रेस के अन्य नेता दिख रहे हैं। तस्वीर भी पीसीसी कार्यालय में ली गई है। पहले आरएएस भर्ती के साक्षात्कार में भी अनियमितता हुई थी। मुझे लगता है कि कांग्रेस की कल्चर ही ऐसी हो गई है। सीएम सुन रहे हैं तो ऐसे मंत्री पर तुरंत एक्शन लेना चाहिए। नकल कराने वाले कांग्रेस की छत्रछाया में पनप रहे हैं।

बत्तीलाल आपके बीच का ही आदमी: गजेंद्र सिंह शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तंज करते हुए कहा है कि हम क्यों न मानें रीट भर्ती परीक्षा में हुआ खेल आपका और खिलाड़ी भी आप। केंद्रीय मंत्री शेखावत ने गुरुवार को रिट पेपर लीक के मास्टरमाइंड बत्तीलाल मीणा के कुछ फोटो कांग्रेस नेताओं के साथ सोशल मीडिया पर साझा करते हुए कहा कि तस्वीरों से तो लगता है कि लीक का मास्टरमाइंड बत्तीलाल मीणा आप सब के बीच का ही आदमी है। उन्होने कहा कि शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा के क्षेत्र से लेकर दिल्ली तक उसकी कांग्रेस में तगड़ी पहुंच है। आखिर इतने इत्तेफाक क्यों होते हैं? खेल जीतने के लिए कहीं वो आपका बनाया मोहरा तो नहीं?

कहीं कोई चूक नहीं: गोविंद सिंह डोटासरा
परीक्षा में कोई चूक नहीं हुई। प्रदेश में पहली बार सबसे शानदार तरीके से परीक्षा हुई है। विपक्ष तथ्यों के साथ गड़बड़ी बताएं, दोषियों के खिलाफ हम कार्रवाई करेंगे। एसओजी अपनी कार्रवाई कर रही है। जो दोषी पाए गए, उन्हें सीधे बर्खास्त किया गया है...आगे भी कार्रवाई करते रहेंगे। यह शख्स बत्तीलाल फोटो खिंचवाने का शौकीन है। उसके सांसद किरोड़ी लाल मीणा और अन्य भाजपा नेताओं के साथ के फोटो भी हैं, जिनमें वो भाजपा नेताओं के गले में हाथ डालकर फोटो खिंचवा रहा है। जवाब तो उन्हें देखा चाहिए।

रीट में पारदर्शिता के नाम पर धोखा: राजे
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा है कि अब तो यह स्पष्ट हो गया है कि रीट में पारदर्शिता के नाम पर केवल धोखा था। इतना होने के बाद भी सरकार इस धांधली को स्वीकार नहीं कर रही है, उल्टा इस पर सच्चाई की मुहर लगाने का प्रयास कर रही है। राजे ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि बात सिर्फ़ रीट की ही नहीं है। जेईएन,आरएएस एवं एसआइ परीक्षाओं में भी घोटालेबाजी का खेल सबके सामने आ चुका है। अब तो यह सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस सरकार में नौकरियां नीलाम हो रही है।

रीट परीक्षा मामले की सीबीआई जांच हो: सतीश पूनिया
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया ने पूरे मामले में शिक्षामंत्री गोविंद सिंह डोटासरा को बर्खास्त कर पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। इन मांगों को लेकर पूनियां जल्द ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखेंगे। पूनिया ने गुरूवार को यहां पत्रकारों से कहा कि परीक्षा को लेकर सरकार का कोई एक्शन प्लान नहीं था। आनन-फानन में पूरे प्रदेश भर में नेटबंदी की गई। इसके बाद भी पर्चा लीक होना सरकारी कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है। इसे लेकर जुमला चल रहा है कि सरकार वीक, इसलिए पर्चा लीक। उन्होंने कहा कि रीट परीक्षा के मुख्य आरोपी बत्ती लाल के साथ शिक्षा मंत्री डोटासरा की फोटो वायरल हो रही है। यही नहीं मीना कांग्रेस का सदस्य भी है। सरकार कह रही है कि पर्चा लीक नहीं हुआ तो फिर पूरे मामले पर इतने बड़े स्तर पर गिरफ्तारियां क्यों हुई। पूनिया ने पूरे मामले में शिक्षा मंत्री गोविंद डोटासरा को दोषी ठहराया है। उन्होंने कहा कि अगर डोटासरा में नैतिकता बची है तो वह अपने पद से इस्तीफा दे, नहीं तो मुख्यमंत्री उन्हें शिक्षा मंत्री पद से बर्खास्त करें।

Story Loader