
जयपुर। Narendra Modi Cabinet list 2019 - राजस्थान से अभी तक मोदी मंत्रिमंडल में 4 सांसदों को शामिल किए जाने की खबर है। इनमें गजेंद्र सिंह शेखावत, राज्यवर्धन सिंह राठौड़, अर्जुन राम मेघवाल और कैलाश चौधरी के पास पीएमओ से फोन आ चुका है।
प्रदेश से माेदी मंत्रिमंडल में कांग्रेस नेता मानवेंद्र सिंह काे हराने वाले कैलाश चाैधरी काे शामिल किया जा रहा है। ऐसे में मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के पहले मंत्रिमंडल को लेकर तस्वीर लगभग साफ हो गई है। ऐसे में अब हनुमान बेनीवाल मंत्री बनने की रेस से लगभग बाहर हाे गए हैं। हालांकि अभी भी बेनीवाल समर्थकों को उनको मंत्री बनाए जाने की उम्मीद है।
PM मोदी पर निर्भर करता है मंत्री बनाए या नहीं बनाएं
इससे पहले बेनीवाल को मंत्री बनाए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया में चर्चाएं तेज थी। वैसे मोदी सरकार में मंत्री बनने के सवाल पर बेनीवाल ने कहा था कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निर्भर करता है कि वह मंत्री बनाए या नहीं बनाएं। मैंने ऐसी कोई मांग नहीं की है।
मोदी लहर में इस लोकसभा चुनाव में जहां देश के कई नेता चुनाव हार गए वहीं नागौर से पहली बार सांसद बने बेनीवाल बड़े जाट नेताओं में शरीक हो गए हैं। गत वर्ष हुए विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के नाम से नई पार्टी बनाकर तीसरी बार खींवसर से विधायक बने बेनीवाल ने लोकसभा चुनाव से पहले चुनावी रुख को भांपते हुए BJP के साथ गठबंधन कर पहली बार सांसद बनने में कामयाब रहे।
नागौर से ज्योति मिर्धा को हराया
इस लोकसभा चुनाव में हरियाणा के दिग्गज जाट नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और उनके बेटे दीपेंद्र सिंह हुड्डा तथा उत्तर प्रदेश में कई वर्षों से राजनीतिक प्रभुत्व रखने वाले बड़े जाट नेता चौधरी अजित सिंह और उनके बेटे जयंत चौधरी को हार का सामना करना पड़ा।
बेनीवाल ने कांग्रेस का गढ़ एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री नाथूराम मिर्धा के वर्चस्व वाली नागौर सीट से दूसरी बार लोकसभा का चुनाव लड़ा और मिर्धा की पोती तथा पूर्व सांसद कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति मिर्धा को एक लाख 81 हजार 260 मतों से हराया। इससे पहले 2014 में बेनीवाल ने निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में भी लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन चुनाव हार गए, उन्हें करीब एक लाख साठ हजार मत मिले थे।
किसान परिवार में हुआ बेनीवाल का जन्म
गत विधानसभा चुनाव से पहले बेनीवाल ने कांग्रेस और भाजपा दोनों की खिलाफत करते हुए नागौर, बाड़मेर, बीकानेर, सीकर में चार बड़ी रैलियां करने के बाद गत अक्टूबर के आखिर में जयपुर में महारैली कर अपनी नई पार्टी रालोपा का गठन किया।
इन रैलियों में उमड़े जन सैलाब से कांग्रेस और भाजपा की चिंता बढ़ गई थी। रालोपा के कारण कई जगहों पर इन दोनों पार्टियों को नुकसान उठाना पड़ा। पिछले विधानसभा चुनाव में 58 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली रालोपा को बेनीवाल सहित तीन सीटें मिली थीं।
इसके बाद हुए लोकसभा चुनाव से पहले दोनों प्रमुख पार्टियों की नजर बेनीवाल पर टिक गई और शुरु में कांग्रेस ने उनके साथ गठबंधन करने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं रही। इसके पश्चात भाजपा ने उनके साथ गठबंधन कर लिया।
बेनीवाल का जन्म किसान परिवार में दो मार्च 1972 को हुआ। वह नागौर जिले के बरणगांव के निवासी है। उन्होंने 2003 में नागौर जिले के मुंडवा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप मे पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ा, लेकिन वह दो हजार मतों से चुनाव हार गए।
2008 में बेनीवाल BJP विधायक बने, दर्ज की बड़ी जीत
2008 में बेनीवाल ने भाजपा के टिकट पर नवगठित खींवसर विधानसभा से चुनाव लड़ा और जिले की सभी सीटों में सबसे बड़ी जीत दर्ज की। इसके बाद 2013 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप मे खींवसर विधानसभा सीट से दूसरी बार खींवसर के विधायक निर्वाचित हुए।
दिसम्बर 2018 में खींवसर विधानसभा क्षेत्र से रालोपा उम्मीदवार के रुप में चुनाव लड़कर तीसरी बार विधायक बने। उनके पिता रामदेव चौधरी भी मूंडवा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं।
वह राजस्थान विधानसभा में हमेशा जनता की समस्याओं एवं मुद्दों को लेकर प्रश्न उठाते रहे और मौका नहीं मिलने पर भी बीच में उठकर मुद्दा उठाने का हरसंभव कोशिश करने के कारण हमेशा चर्चा में रहे।
तीसरे मोर्चे के लिए बहुत प्रयास किए
बेनीवाल ने खींवसर से दो बार विधायक बनने के बाद राजस्थान में जाट मुख्यमंत्री बनाने का मिशन चलाया तथा इसके लिए जगह जगह भारी काफिले के साथ बड़ी बड़ी सभाएं कर लोगों को संकल्पबद्ध किया। उन्होंने राज्य में तीसरे मोर्चे के लिए बहुत प्रयास किए।
इसमें शुरु में भाजपा में वापस आने से पहले किरोड़ी लाल मीणा ने साथ दिया। हालांकि उनके साथ किसी अन्य बड़े नेता के नहीं जुड़ पाने के कारण वह हमेशा अकेले ही तीसरे मोर्चे के प्रयास में लगे रहे लेकिन सफल नहीं हो पाए।
बेनीवाल ने सांसद का चुनाव जीतने के बाद कहा कि वह नागौर जिले के विकास के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे और जिले में विकास की गंगा बहा देंगे। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों के कारण भाजपा के साथ गठबंधन किया है और अब उनके नेतृत्व में देश तरक्की के साथ और ऊंचाइयों को छुएगा।
Updated on:
30 May 2019 05:37 pm
Published on:
30 May 2019 03:09 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
