
राजस्थान का रण: पायलट बोले महलों में बैठने वालों की नहीं, आमजन की होगी सरकार
जयपुर. कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने भरतपुर संभाग की संकल्प रैली के दूसरे ही दिन फिर बुधवार को अजमेर संभाग की रैली में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब राजा और रंक की लड़ाई होगी। महलों में बैठने वालों की नहीं, आमजन की होगी अगली सरकार। अब समय आ गया है, महलों और किलो में रहने वालों को बाहर रास्ता दिखाने का। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संकल्प लेती है कि सरकार में आमजन, गरीब, किसान और मजदूर सभी की भागीदारी होगी। लोगों को लगेगा कि उनकी अपनी सरकार अब सत्ता में लौटी है। मुख्यमंत्री बार-बार हमें राजनीति में नौसिखिया बता रही हैं, लेकिन हम उन्हें (मुख्यमंत्री) राजनीति सिखाने में सक्षम हैं।
नागौर के परबतसर में आयोजित यह रैली कांग्रेस की पांचवीं संभागीय रैली थी। उन्होंने कहा कि भाजपा अभी सत्ता में है, कांग्र्रेस रोजाना मुख्यमंत्री से एक सवाल पूछ रही है। लेकिन वे उस सवाल का जवाब तो दे नहीं रही हैं। उल्टा जयपुर में आकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमितशाह कांग्रेस से सवाल पूछ रहे हैं। भला जो पार्टी पहले ही विपक्ष में है, वह क्या जवाब देगी। जवाब तो सत्ताधारी दल को जनता को देना होगा। वैसे भी अब भाजपा सरकार जाने वाली है। इसका सबूत है कांग्रेस की संकल्प रैलियों में जनता का जनसैलाब उमडऩा।
रैली में पैदा कर सकते हैं खतरा
पायलट ने कहा कि नागौर की भीड़ को देखकर लग रहा है कि लोगों में कांग्रेस को लेकर उमंग और उत्साह का माहौल है। लेकिन इस जोश को होश में आकर काम में लेना है। भाजपा के लोग अब कोई भी हथकंडा अपना सकते हैं। रैली में भी खतरा पैदा कर सकते हैं। राजस्थान अब चाहे पीएम मोदी आएं या फिर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह। वे जनता के मूड को नहीं बदल सकते।
सरकार 2019 तक, बात कर रहे 2022 की
राष्ट्रीय संगठन महासचिव गहलोत ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार 2019 तक सत्ता में है। लेकिन ये लोग 2022 तक की बात कर रहे हैं। आज देश के हालात बदतर है। चारों ओर तबाही मचा रखी है। घमण्ड में बोलते हैं। जवाहर लाल नेहरू के खिलाफ बोलने से भी नहीं चूकते, जिन्होंने 12 साल जेल में बिताए। क्या भाजपा के लोगों ने आजादी के लिए कभी अंगुली भी कटाई। प्रदेश में 28 साल में से 18 साल भाजपा सत्ता में रही, लेकिन क्या दिया?
Published on:
13 Sept 2018 10:10 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
