जयपुर/जोधपुर। जोधपुर की सीजेएम ग्रामीण कोर्ट काला हिरण के शिकार के दो दशक पुराने मामले में आज अपना फैसला सुनाएगी। इस केस में सलमान खान पर आरोप है कि उन्होंने जोधपुर के निकट कांकाणी गांव के भागोड़ा की ढाणी में दो काले हिरणों का शिकार किया था। इस मामले में आरोपी कलाकार सलमान खान, सैफ अली खान , तब्बू, सोनाली बेन्द्रे और नीलम जोधपुर पहुंच गए हैं। 1998 में हुई इस घटना के संबंध में 28 मार्च को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देव कुमार खत्री ने मुकदमे की सुनवाई पूरी करते हुए कहा था कि इसमें फैसला बाद में सुनाया जाएगा। फैसला सुनाए जाने के समय सभी आरोपी कलाकार सलमान खान, सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेन्द्रे और नीलम अदालत में मौजूद रहेंगे। अदालत में पेश होने के लिए ये सभी कलाकार मुंबई से जोधपुर पहुंच चुके हैं।