
नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी(photo-unsplash)
Jaipur News: जयपुर में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर दो भाइयों से लाखों रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिचित व्यक्ति ने नगर निगम में नौकरी दिलाने और RAS अटेंडर बनाने का लालच देकर परिवार से करीब 22 लाख रुपए ले लिए। आरोपित ने दोनों भाइयों को अच्छी सैलरी और पक्की सरकारी नौकरी का भरोसा दिलाया था।
पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी ने मार्च 2023 में घर आकर नौकरी लगवाने की बात कही थी। उसने दावा किया कि उसकी अधिकारियों से अच्छी पहचान है और वह आसानी से सरकारी नौकरी लगवा सकता है। भरोसा होने पर परिवार ने रिश्तेदारों से पैसे उधार लेकर करीब 15 लाख रुपए आरोपी को दे दिए।
आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए युवकों को अलवर में 5 दिन की ट्रेनिंग पर भी भेज दिया। इस दौरान रहने और खाने के खर्च के नाम पर करीब 5 हजार रुपए भी ले लिए गए। ट्रेनिंग के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगने का भरोसा देता रहा और समय मांगता रहा।
काफी समय बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो परिवार ने दबाव बनाया। इस पर आरोपी ने कहा कि जिन अधिकारियों से बात हुई थी उनका ट्रांसफर हो गया है और काम कराने के लिए 7 लाख रुपए और देने होंगे। परिवार ने उसकी बातों में आकर यह रकम भी दे दी।
लगातार टालमटोल के बाद जब नौकरी नहीं लगी और पैसे भी वापस नहीं मिले तो परिवार को धोखाधड़ी का शक हुआ। इसके बाद पीड़ित युवक के बड़े भाई ने रविवार को जामडोली थाने में आरोपी परिचित के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
Updated on:
16 Mar 2026 01:33 pm
Published on:
16 Mar 2026 01:33 pm
