5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सीजनल सब्जियों के भाव 10 रुपए किलो से भी कम, 4 से 5 रुपए किलो बिक रहा टमाटर

इन दिनों सब्जियां काफी सस्ती है। लेकिन फिर भी इनका कोई खरीददार नहीं है। एशिया की सबसे बड़ी मंडी मुहाना में हालात यह है कि यहां पर टमाटर और मिर्च थोक भाव में 4 से 5 रुपए किलो ही बिक रही है...

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Dinesh Saini

May 05, 2020

vegetable.jpg

जयपुर। कोरोना महामारी ने सबसे ज्यादा किसानों की कमर तोड़ दी है। किसानों की सब्जियां खेतों में पक जाने के कारण मंडी में सब्जी की भरपूर आवक हो रही है। यहीं कारण है कि इन दिनों सब्जियां काफी सस्ती है। लेकिन फिर भी इनका कोई खरीददार नहीं है। एशिया की सबसे बड़ी मंडी मुहाना में हालात यह है कि यहां पर टमाटर और मिर्च थोक भाव में 4 से 5 रुपए किलो ही बिक रही है। वहीं अधिकतर सीजनल सब्जियां ऐसी हैं जिनका भाव थोक में 10 रुपए प्रतिकिलो से भी कम है। लेकिन फिर भी खरीददार नहीं मिल रहे हैं।

खरीददार नहीं होने से पहले तो किसानों की सब्जियां बिक ही नहीं रही है और जिन किसानों की सब्जियां बिक रही है उन्हें भी सब्जियों के दाम पूरे नहीं मिल पा रहे हैं। हालात यह है कि मंडी में किसानों को टमाटर के भाव 2 से 3 रुपए प्रति किलो ही मिल रहा है। ऐसे में किसान के लिए उसके खाद, बीज का खर्चा निकालना भी मुश्किल हो गया है।

किसानों का कहना है कि यह वह सीजन है जब खेतों में सब्जियां पक जाती है और इस समय सब्जियों की भरपूर आवक के साथ जबरदस्त बिक्री भी होती है। बिक्री सही रहने पर किसानों को उनकी फसल का दाम भी अच्छा मिलता है। कालाडेरा के किसान ओम प्रकाश बागड़ा का कहना है कि इन दिनों ना तो किसानों की सब्जियां बिक रही है और ना ही उन्हें फसल का दाम मिल पा रहा है।


शादी या अन्य समारोह भी नहीं, होटल रेस्टोरेंट भी बंद
जयपुर फल सब्जी थोक विक्रेता संघ मुहाना मंडी टर्मिनल मार्केट के अध्यक्ष राहुल तंवर का कहना है कि यह वह सीजन है जब शादियां और अन्य समारोह काफी होते हैं। इस कारण से इस समय जो सब्जियों की भरपूर आवक होती है तो शादी व समारोह होने से उनमें सब्जियों की खपत हो जाती है। वहीं इन दिनों होटल व रेस्टोरेंट भी बंद है। जिस कारण से बिक्री कम रह रह गई है। होटल व रेस्टोरेंट खुले होते और शादी समारोह भी अगर होते तो इन दिनों मंडी में जबरदस्त सब्जियों की बिक्री होती। लेकिन अब यह सब बंद होने से सिर्फ किसान ही परेशान नहीं है बल्कि व्यापारियों को भी काफी घाटा उठाना पड़ रहा है। कोरोना महामारी से छुटकारा मिलने के बाद ही अब सब कुछ सामान्य हो पाएगा। तब तक किसानों और व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना ही पड़ेगा। क्योंकि होटल रेस्टोरेंट, समारोह आदि जब तक शुरू नहीं होंगे तब तक सब्जियों की बिक्री इसी तरह बनी रहेगी।


आज मुहाना मंडी में सब्जियों के थोक भाव
टमाटर और मिर्ची 5 रुपए प्रति किलो
टिंडा 8 से 10 रुपए प्रति किलो
कद्दू 4 से 5
शिमला मिर्च 8 से 10 रुपए प्रति किलो
ककड़ी 6 से 8 रुपए प्रति किलो
खीरा 8 से 9 रुपए
प्याज 10 से 12 रुपए प्रति किलो
आलू 12 से 13 रुपए प्रति किलो

हालांकि अदरक और नींबू के भाव में तेजी है। अदरक 45 से 50 रुपए प्रति किलो और नींबू 35 से 40 प्रति किलो तक थोक में बिक रहे हैं।

— हिमांशु शर्मा