
फाइल फोटो
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त के साथ परीक्षाएं और साक्षात्कार कराएगा। गृह विभाग, रोडवेज सहित कई विभागों से भी बातचीत की जाएगी। बकाया परीक्षाएं और साक्षात्कार का कैलेंडर अगले सप्ताह जारी किया जाएगा।
आयोग को जनसम्पर्क अधिकारी, पुलिस सब इंस्पेक्टर-प्लाटून कमाडंर और अन्य भर्तियों के साक्षात्कार कराने हैं। इसके अलावा प्राध्यापक भर्ती, सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष और अन्य प्रतियोगी परीक्षाएं करानी हैं। इनके तिथियों और सुरक्षा इंतजाम को लेकर अध्यक्ष दीपक उप्रेती ने सदस्यों से चर्चा की।
कई महकमों से करेंगे बातचीत
राज्य के विभिन्न इलाकों से अभ्यर्थियों के सुगम आवाजाही के लिए रोडवेज से आयोग बातचीत करेगा। दूसरे राज्यों के अभ्यर्थी भी सुगमता से आएं इसके इंतजाम भी देखे जाएंगे। मुख्य सचिव डी. बी. गुप्ता, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह राजीव स्वरूप, डीजीपी भूपेंद्र सिंह से भी संपर्क किया जाएगा।
होटल-सराय खुलने का इंतजार
विभिन्न शहरों में परीक्षाएं और अजमेर में साक्षात्कार, काउंसलिंग कराने पर अभ्यर्थियों को होटल, सराय में ठहरना होगा। आयोग को होटल, सराय खुलने का इंतजार है, ताकि अभ्यर्थियों को रुकने में दिक्कतें नहीं हों। स्थानीय बस, ऑटो, कैब के सुगम संचालन का भी ध्यान रखा जाएगा।
मेडिकल जांच-सर्टिफिकेट
कोरोना संक्रमण को देखते हुए आयोग अभ्यर्थियों के लिए स्वास्थ्य-जांच, मेडिकल सर्टिफिकेट लाना जरूरी कर सकता है। इसके लिए संघ लोक सेवा आयोग के निर्देशों का अवलोकन किया जाएगा। जरूरत पडऩे पर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम बैठाकर साक्षात्कार से पहले अभ्यर्थियों की जांच कराई जा सकती है।
परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त इंतजाम
आयोग अजमेर सहित अन्य शहरों में परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता, सेनेटाइजेशन अति संक्रमित इलाकों के हालात और अन्य पहलुओं का अवलोकन करेगा। जून अंत अथवा जुलाई में भर्ती परीक्षाएं कराने पर केंद्रों में सोशल डिस्टेंसिंग, फर्नीचर और अन्य बिंदुओं को भी परखा जाएगा।
39 अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए सफल घोषित
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग ने समूह अनुदेशक/सर्वेयर/सहायक शिक्षुता सलाहकार-ग्रुप द्वितीय (टी.एस.पी. एवं नॉन टी.एस.पी. क्षेत्र) के 39 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से विस्तृत आवेदन पत्र डाउनलोड कर शैक्षिक-प्रशैक्षिक दस्तावेजों के साथ 12 जून तक कार्यालय में जमा करा सकेंगे। सचिव आशीष गुप्ता ने बताया कि 22 जनवरी 2020 को घोषित परिणाम के तहत अपात्र पाए गए अभ्यर्थियों के विरुद्ध टीएसपी क्षेत्र में 3 और नॉन टीएसपी क्षेत्र में 36 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया है।
Updated on:
5 Jun 2020, 11:51 PM IST
Published on:
5 Jun 2020, 11:51 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.