
कोलकाता. हल्टू सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रविवार को निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया। सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में दूर-दराज के क्षेत्रों से भी वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। नेत्र रोग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी तथा जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। आयोजकों के अनुसार, 200 वरिष्ठ नागरिकों ने नेत्र परीक्षण कराया, जिनमें से करीब 100 लोगों को मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र रोगों के उपचार की आवश्यकता पाई गई। कार्यक्रम में वरिष्ठ अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत भट्टाचार्य तथा उनके सहयोगी चिकित्सकों ने भी स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। सोसाइटी के अध्यक्ष अमृतुल दास ने कहा कि संस्था का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनके बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
Updated on:
04 Aug 2026 06:01 am
Published on:
04 Aug 2026 06:01 am
