जयपुर। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को 17 जुलाई को हरियाल अमावस्या का विशेष संयोग रहेगा। शिवालयों में अलसुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ेगी। शिवजी के जलाभिषेक के लिए भक्तों की कतारें लगेंगी। वहीं रविवार को शहर में बोल—बम, ताड़क बम के जयकारें गूंज उठे। गलता तीर्थ से अलसुबह कांवड में जल लेकर भक्त नंगे पैर चल पड़े। चारदीवारी सहित अन्य मार्गों पर कांवड़ यात्राएं निकल पड़ी।
सावन के दूसरे सोमवार को झाडखंड महादेव, ताड़केश्वर महादेव, चमत्कारेश्वर महादेव, जंगलेश्वर, रोजगारेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए भक्त अलसुबह से ही उमड़ेंगे। शिवजी के जलाभिषेक के साथ भक्त उन्हें बिल्व पत्र, आक—धतुरा, फल सहित अन्य चीजें अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना करेंगे। शाम को मंदिरों में भोलेनाथ के विशेष झांकियों के दर्शन होंगे।
ताड़केश्वर महादेव मंदिर में सुबह 4 बजे से दर्शन खुलेंगे, इसके साथ ही भक्त ताड़क बाबा के जलाभिषेक कर सकेंगे। मंदिर में शिवजी के जलाभिषेक के लिए अलसुबह से ही भक्तों की कतारें लगेंगी। भक्त शाम 4 बजे तक शिवजी के जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके बाद विशेष झांकी के दर्शन हेांगे। क्वींस रोड स्थित झाडखंड महादेव मंदिर में तड़के 4.45 बजे दर्शन खुलेंगे। भक्त शाम 4 बजे तक शिवजी के जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके बाद फूलों की विशेष झांकी के दर्शन होंगे।
निकल कांवड यात्रा
शहर में रविवार को कांवड़ यात्राओं की धूम रही। गलता तीर्थ से शहर के विभिन्न शिव मंदिरों के लिए भी कांवड यात्राएं निकली। कांवड़ यात्राओं में युवाओं के साथ बच्चे भी कांवड़ थामे नजर आए। कांवड़ यात्रा में केसरिया पताएं और तिरंगा लिए भक्त आगे बढ़े।