15 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सावन के पहले सोमवार पर भक्तों ने किया शिवजी का अभिषेक, इन्द्र देव ने बरसाई ‘कृपा’

Shravan Somwar 2023: श्रावण के पहले सोमवार को शहर अलसुबह से ही शिवमय नजर आया। तड़के से ही शिवालयों में भक्तो की भीड़ उमड़ी, शिवजी के जलाभिषेक की होड़ सी मची।

2 min read
Google source verification
सावन के पहले सोमवार पर भक्तों ने किया शिवजी का अभिषेक, इन्द्र देव ने बरसाई 'कृपा'

सावन के पहले सोमवार पर भक्तों ने किया शिवजी का अभिषेक, इन्द्र देव ने बरसाई 'कृपा'

जयपुर। श्रावण के पहले सोमवार को शहर अलसुबह से ही शिवमय नजर आया। तड़के से ही शिवालयों में भक्तो की भीड़ उमड़ी, शिवजी के जलाभिषेक की होड़ सी मची। शहर के प्रमुख झाड़खंड महादेव और ताड़केश्वर महादेव मंदिर में शिवजी के जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लाइनें लगी। बारिश में भीगते हुए भक्त शिवजी के जलाभिषेक के लिए कतार में खडे—खडे हर—हर महादेव..., ओम नम: शिवाय: के जयकारें लगाते रहे। भक्तों की श्रद्धा से खुश इन्द्रदेव ने भी 'कृपा' बरसाई। शिवजी के जलाभिषेक के साथ भक्तों ने बिल्व पत्र, आक—धतुरा, फल आदि अर्पित कर सुख समृद्धि की कामना की। शाम को मंदिरों में भोलेनाथ के विशेष झांकियों के दर्शन होंगे।

ताड़केश्वर महादेव मंदिर
शहर के प्रमुख ताड़केश्वर महादेव मंदिर में तड़के दर्शन खुले तो ताड़क बाबा के जयकारे गूंज उठे। भक्तों में शिवजी के जलाभिषेक के लिए होड सी नजर आई। यहां सुबह से ही लोगों की लाइनें लग गई। शिवजी के प्रति की आस्था ऐसी की, बारिश भी लोगों के कदम नहीं रोक पाई। कतारों में खड़े भक्त भीगते रहे। यहां पुलिस ने सुबह से ही व्यवस्थाएं संभाल रखी है। ताड़केश्वर महादेव के भक्त दोपहर 1 बजे ही जलाभिषेक कर सकेंगे, इसके बाद नारियल की विशेष झांकी सजाई जाएगी। मंदिर में फूलों की गुफा तैयार होगी। शाम 7 बजे महाआरती के साथ नारियल की झांकी के दर्शन खुलेंगे।

झाडखंड महादेव मंदिर
क्वींस रोड स्थित झाडखंड महादेव मंदिर में तड़के 4.45 बजे दर्शन खुले। इससे पहले ही भक्त महादेवजी के जलाभिषेक के लिए पहुंच गए। अलसुबह से ही यहां भक्तों की कतारें लग गई। मंदिर परिसर के साथ सड़क तक हर—हर महादेव... के जयकारे गूंजने लगे। यहां महिलाओं और पुरुषों की अलग—अलग कतारे लगी। जगह—जगह पुलिस जवान और स्वयंसेवक व्यवस्था संभालने में जुटे रहे। मंदिर समिति की ओर से भक्तों के लिए रामझारे और पानी की व्यवस्था की गई। श्रीबब्बू सेठ मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष जयप्रकाश सोमानी ने बताया कि भक्त शाम 4 बजे तक शिवजी के जलाभिषेक कर सकेंगे। इसके बाद फूलों की विशेष झांकी के दर्शन होंगे। रात 11.30 बजे तक भक्त झाडखंड महादेव के दर्शन कर सकेंगे।

यह भी पढ़ें: बालिकाएं कांवड़ लेकर निकली तो गूंज उठे बोल बम-ताड़क बम के जयकारे

हर छोटे—बड़े शिवालय में भक्तों की भीड़
सावन के पहले सोमवार को शहर के प्रमुख मंदिरों के साथ कॉलोनियों के छोटे शिवालयों में भी अलसुबह से ही भक्तों की भीड रही। लोगों को शिवजी के जलाभिषेक के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव, छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव मंदिर, अंबिकेश्वर महादेव मंदिर, धूलेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से ही शिवजी के जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।