18 जनवरी 2026,

रविवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर

श्रावण के आखिरी सोमवार पर बना सोम प्रदोष का शुभ संयोग, शिवालयों में लगी कतार

Shravan Somwar: श्रावण के आखिरी सोमवार पर आज सोम प्रदोष के शुभ संयोग में शिव आराधना का दौर शुरू हुआ। शिवालयों में अलसुबह से ही शिवजी के जलाभिषेक के लिए लोगों में होड़ सी मची।

Google source verification

जयपुर। श्रावण के आखिरी सोमवार पर आज सोम प्रदोष के शुभ संयोग में शिव आराधना का दौर शुरू हुआ। शिवालयों में अलसुबह से ही शिवजी के जलाभिषेक के लिए लोगों में होड़ सी मची। शहर के प्रमुख शिवालयों के बाहर भक्तों की कतारें लग गई। शिवजी के जलाभिषेक कर लोगों ने बिल्व पत्र, आक—धतुरा आदि अर्पित किए। शिवालयों में शाम को विशेष झांकी के दर्शन होंगे।

शिवालयों में अलसुबह से ही हर—हर महादेव, ओम नम:शिवाय के जयकारों से गूंज उठे। क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर में तड़के से ही श्रद्धालुओं की कतारे लग गई। महादेवजी के जलाभिषेक के लिए भक्तों में होड सी लगी रही। मंदिर परिसर भी हर—हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। शाम 5 बजे महादेवजी के विशेष झांकी के दर्शन होंगे।

चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में भी अलसुबह से ही भक्तों की भीड़ नजर आई। शिवजी के जलाभिषेक के लिए भक्त कतार में खड़े अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। आज भक्त ताड़क बाबा के रात 11 बजे तक जलाभिषेक कर सकेंगे। इस बीच शाम 5 बजे ताड़क बाबा के सवा लाख बिल्व पत्रों की झांकी के दर्शन होंगे। झांकी के बीच भक्त शिवजी के जलाभिषेक करेंगे।

वहीं झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर, बनीपार्क स्थित जंगलेश्वर महादेव मंदिर, छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव मंदिर, कुंडा स्थित सकरकुई के सदाशिव ज्योतिर्लिंगेश्वर महादेव मंदिर में भी अलसुबह से ही शिवजी के जयकारें गूंज उठे। मंदिरों में शिवजी के जलाभिषेक के लिए भक्तों में होड सी लगी रही। भक्तों ने शिवजी के जलाभिषेक के साथ बिल्व पत्र, आक—धतूरा आदि अर्पित किए।

आज ये शुभ संयोग
ज्योतिषाचार्य डॉ. अनीष व्यास ने बताया कि सावन महीने के अंतिम प्रदोष के दिन कई शुभ संयोग बन रहे हैं। सावन सोमवार के साथ आयुष्मान योग, सौभाग्य योग, सर्वार्थसिद्धि योग और रवि योग का शुभ संयोग बना है। प्रदोष के दिन शिव पूजा सौभाग्य योग जैसे शुभ योग में करना काफी लाभकारी होगा। साथ ही सारी मनोकामनाएं पूरी होंगी। सावन के आखिरी प्रदोष और सोमवार के दिन रुद्राभिषेक करना फलदायी होगा।

योग और समय
आयुष्मान योग — सुबह से लेकर सुबह 09:56 बजे तक
सौभाग्य योग — सुबह 09:56 से पूरी रात तक
सर्वार्थसिद्धि योग — मध्यरात्रि 2:43 बजे से 29 अगस्त को सुबह 05:57 बजे तक
रवि योग — मध्यरात्रि 02:43 बजे से 29 अगस्त को सुबह 05:57 बजे तक