जयपुर। देशभर में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। वृंदावन से लेकर जयपुर तक श्रीकृष्ण जन्म का उल्लास देखने को मिल रहा है। जयपुर में जगतपुरा के अक्षय पात्र स्थित श्रीकृष्ण बलराम मंदिर में तड़के 4.30 बजे से जन्मोत्सव के कार्यक्रम शुरू हुए। इसके बाद महाअभिषेक हुआ।
आज ठाकुरजी का दिन में 4 बार 1200 चांदी के कलशों से महाअभिषेक हो रहा है। अभिषेक में 51 तरह के फलों के ज्यूस, 21 तरह की औषधियों का रस के अलावा नारियल पानी, पंचामृत के साथ 100 प्रकार के दिव्य द्रव्य सहित पंचगव्य शामिल होंगे। वहीं मध्यरात्रि में महाआरती का आयोजन होगा। श्रीकृष्ण बलरामजी का दूसरा महाअभिषेक सुबह 11 बजे हो रहा है। वहीं तीसरा अभिषेक शाम 4.30 बजे होगा। जबकि चौथा अभिषेक रात 10 बजे होगा। मध्यरात्रि 12 बजे महाआरती का आयोजन होगा।
नवरत्न—हीरों से जड़ी पोशाक धारण
श्रीकृष्ण बलरामजी को आज भगवान श्रीकृष्ण बलराम को विदेशों से मंगवाए नवरत्न—हीरों से जड़ी पोशाक धारण करवाई जा रही है। यह पोशाक पिछले डेढ माह में वृंदावन में तैयार करवाई गई। इसमें रत्न व हीरे जयपुर के कारीगरों ने जड़े है। जन्माष्टमी पर आने वाले भक्तों को भगवान श्रीकृष्ण व बलरामजी के दर्शन पांच जगहों से करवाए जा रहे है।