
लोग आरटीओ के काट रहे चक्कर।
जयपुर. शहर में लोगों को आवेदन के 10-12 दिन बाद भी लाइसेंस नहीं मिल पा रहे हैं। कारण है लाइसेंस छापने वाले स्मार्ट कार्ड की कमी। दरअसल, करीब 10 दिन पहले आरटीओ प्रथम कार्यालय में स्मार्ट कार्ड खत्म हो गए थे। स्मार्ट कार्ड छापने वाली निजी कम्पनी सही समय पर सप्लाई नहीं कर पाई। इसके कारण लाइसेंस अटक गए और अब लोग आरटीओ के चक्कर काट-काट कर परेशान हो रहे हैं। जिन्होंने 9-10 जुलाई को लाइसेंस के रिन्यूअल, डुप्लीकेट लाइसेंस आदि सर्विस के लिए आवेदन किया था, उन्हें अब तक लाइसेंस नहीं मिल पाए हैं। हालांकि, आरटीओ के अधिकारियों का कहना है कि अब स्मार्ट कार्ड आ चुके हैं और जल्द ही सभी आवेदकों को लाइसेंस दे दिए जाएंगे।
आरटीओ से मिली रसीद साथ रखें
यदि आपका लाइसेंस भी पेंडिंग है तो वाहन चलाते समय अपने साथ आरटीओ से मिली हुई रसीद साथ रखें। जिनकी आरसी लम्बित है, वे भी आरटीओ से मिले हुए दस्तावेज साथ रखें। ट्रैफिक पुलिसकर्मी को आप ये दस्तावेज दिखा सकते हैं।
हर दो-तीन माह में स्मार्ट कार्ड की कमी क्यों?
यह पहला मौका नहीं है, जब स्मार्ट कार्ड की कमी से लोगों को समय पर लाइसेंस नहीं मिल पाए हो। पिछले एक साल से हर दो-तीन महीने में ऐसा ही हो रहा है। कभी टेंडर खत्म होने के कारण तो कभी किसी दूसरे कारण से स्मार्ट कार्ड की सप्लाई कम्पनी नहीं करती है। इसके कारण लोगों को समय पर लाइसेंस और आरसी नहीं मिल पाते हैं। पिछले साल दिवाली पर करीब 30 हजार आरसी अटक गई थी जो दो-तीन महीने की देरी से लोगों को मिली।
लोग यों हो रहे परेशान
दीनदयाल शर्मा ने 11 जुलाई को लाइसेंस के रिन्यूअल के लिए आवेदन किया था। 11 दिन बाद भी उन्हें लाइसेंस नहीं मिला। उनके लाइसेंस की तारीख खत्म हो चुकी है। नए लाइसेंस का इंतजार है।
रामचंद्र धानका ने डुप्लीकेट लाइसेंस बनवाने के लिए 10 जुलाई को आवेदन किया था। कई बार आरटीओ के चक्कर काटे मगर उन्हें भी अब तक लाइसेंस नहीं मिला।
भगवान दास ने 13 जुलाई को लाइसेंस में नाम की शुद्धि के लिए आवेदन किया था। लाइसेंस को पते के सत्यापन के लिए लगाना था। अभी तक लाइसेंस नहीं मिल पाया है।
अफसरों का दावा, जल्द मिलेंगे लाइसेंस
कुछ दिन स्मार्ट कार्ड की कमी थी। अब कार्ड आ चुके हैं। जल्द ही सारा बैकलॉग खत्म कर सभी आवेदकों को लाइसेंस मिल जाएंगे।
-संजीव भारद्वाज, डीटीओ
Published on:
23 Jul 2023 02:35 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
