
प्रदेश के सबसे बड़े सवाई मानसिंह अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद आज सुबह हड़कंप मच गया। एक सिरफिरे ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर दोपहर 3 बजे तक अस्पताल में धमाका करने की चेतावनी दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी को हरियाणा से डिटेन कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि सुबह पुलिस कंट्रोल रूम के अभय कमांड सेंटर पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले बदमाश ने सीधे शब्दों में धमकी देते हुए कहा कि उसने एसएमएस अस्पताल के परिसर में बम लगा दिया है। उसने पुलिस को चुनौती दी कि यदि दोपहर 3 बजे तक उसे 40 करोड़ रुपए नहीं दिए गए, तो वह पूरे अस्पताल को बम से उड़ा देगा।
धमकी की सूचना मिलते ही भारी पुलिस जाब्ता एसएमएस अस्पताल पहुंचा। आनन-फानन में डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया गया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, पार्किंग और बगीचों समेत चप्पे-चप्पे की गहनता से तलाशी ली गई। करीब दो से तीन घंटे चले इस सघन सर्च ऑपरेशन के दौरान अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, पूरी जांच के बाद पुलिस को कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली।
धमकी देने वाले नंबर को जब साइबर सेल की मदद से ट्रेस किया गया तो उसकी लोकेशन हरियाणा में मिली। जयपुर पुलिस ने तुरंत हरियाणा पुलिस से संपर्क साधा और एक विशेष टीम को रवाना किया। थानाधिकारी राजेश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हरियाणा से डिटेन कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। फिरौती की मोटी रकम मांगने के पीछे के असल कारणों का पता लगाया जा रहा है। थानाधिकारी ने कहा कि आरोपी को जयपुर लाया जा रहा है, जिसके बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा।
अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी पुलिस कंट्रोल रूम में मिली थी। जिसके बाद पुलिस व अन्य टीमों ने अस्पताल परिसर में सर्च किया। लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। पुलिस मामले की जांच कर रहीं है।
Updated on:
13 May 2026 09:56 am
Published on:
13 May 2026 09:56 am
