
एसओजी का खुलासा : पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में जुटी, एसएससी की परीक्षा दे रहे थे फर्जी परीक्षार्थी
मुकेश शर्मा / जयपुर. राजस्थान एसओजी ने प्रतियोगी परीक्षाओं में फर्जी परीक्षार्थियों को बैठाने वाले ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पटना से दिल्ली हवाइ जहाज से और फिर वहां से जयपुर लग्जरी टैक्सी में आया। एसओजी ने कर्मचारी चयन आयोग (एस.एस.सी) परीक्षा में फर्जी परीक्षार्थी बैठाकर पेपर हल करवाने वाले गिरोह के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इतना ही नहीं आरोपितों ने पूछताछ में जयपुर के विभिन्न केन्द्रों पर मूल परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा देकर आना बताया है। गौर करने वाली बात है कि पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में जुटी थी और अन्य परीक्षाओं में धांधली चल रही थी।
एटीएस-एसओजी के एडीजी उमेश मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार प्रमोद कुमार यादव, विनय कुमार गुप्ता और अवनीश कुमार राजपूत बिहार के विभिन्न जिलों में रहते हैं। जबकि पकड़ा गया चौथा साथी चेतराम मीणा अलवर के राजगढ़ निवासी है। मुखबिर की सूचना पर आरोपियों को रविवार शाम को नारायणसिंह सर्किल पर दिल्ली जाने वाली बस का इंतजार करते पकड़ा।
जयपुर के कई केन्द्रों पर दे आए थे परीक्षा
एडीजी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि प्रमोद, विनय और अवनीश ने जयपुर में दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा दी है। चेतराम के साथ प्रमोद परीक्षा देने जा रहा था। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास बड़ी संख्या में एसएससी, नागरिक पुलिस, आरक्षी प्रादेशिक आम्र्ड कांस्टेबुलरी के प्रवेश पत्र, विभिन्न परीक्षार्थियों के फोटो, परीक्षा की ओएमआर शीट, परीक्षार्थियों के आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य संदिग्ध दस्तावेज मिले। आरोपी प्रमोद दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा देने पटना से दिल्ली हवाइ जहाज से और वहां से टैक्सी में जयपुर आया था और दूसरे परीक्षार्थी की जगह परीक्षा दी।
मिलती जुलती फोटो तैयार कर जाते परीक्षा केन्द्र
राजस्थान के कई लोगों से आरोपी संपर्क में थे। आरोपियों ने बताया कि असली परीक्षार्थियों की फोटो व परिचय पत्र लेकर फोटो मिक्सिंग से अपना हुलिया लगभग उसी प्रकार बना लेते और उसी फोटो एडमिट कार्ड को परीक्षा देते समय उपयोग में लेते हैं। आरोपी विनय कुमार रविवार को कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की दूसरी पारी में सीकर फर्जी परीक्षार्थी के तौर पर पेपर देने गया था। लेकिन वहां केन्द्र पर पुलिस की सख्त चेकिंग देख बाहर से ही लौट गया।
इन परीक्षाओं में दे चुके दूसरों की जगह पेपर
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि विभिन्न राज्यों में एसएससी, एसबीआई बैंक, डीडीए, मैट्रो, एफसीआई, उत्तर प्रदेश पुलिस सहित कई परीक्षाएं दूसरे परीक्षार्थियों के स्थान पर देना बताया है। आरोपितों से पूछताछ में और अन्य खुलासे होने की आशंका जताई गई है।
Published on:
16 Jul 2018 08:47 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
