
special coach for women in Agra fort Ajmer express train
जयपुर। अजमेर से आगरा आने जाने वाली महिला यात्रियों को रेलवे ने विशेष सुविधा दी है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने आगराफोर्ट—अजमेर एक्सप्रेस में एक द्वितीय साधारण श्रेणी का डिब्बा बढ़ाया है। इस डिब्बे में सिर्फ महिला यात्री ही यात्रा कर सकेंगी। इसके साथ ही रेलवे ने जयपुर—दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर में एक एक्जीक्यूटिव श्रेणी के डिब्बे की बढ़ोतरी के साथ ही जयपुर से पुणे के लिए एक स्पेशल ट्रेन भी शुरू की है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ तरूण जैन ने बताया कि आगराफोर्ट-अजमेर एक्सप्रेस में आज से महिलाओं के लिए एक द्वितीय साधारण श्रेणी डिब्बा लगाया गया है। गाड़ी संख्या 12195 और गाड़ी संख्या 12196 में यह डिब्बा लगाया गया है। इसके साथ ही त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों की बढ़ी संख्या को देखते हुए जयपुर से पुणे आने जाने के लिए स्पेशल ट्रेन भी शुरू की है। इस ट्रेन का संचालन 10 नवंबर को जयपुर से शुरू होगा। रेलवे ने जयपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला डबल डेकर ट्रेन में एक एक्जीक्यूटिव श्रेणी के डिब्बे की अस्थाई बढ़ोतरी भी की है। गाड़ी संख्या 12985 और 12986 में 18 नवंबर तक यह बढ़ोतरी रहेगी। डिब्बे की बढ़ोतरी से यात्रियों को अधिक सीट उपलब्ध हो सकेंगी।
Updated on:
01 Nov 2018 06:22 pm
Published on:
01 Nov 2018 06:21 pm
