1 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: दौसा में अंधड़-ओलावृष्टि से पलटा मौसम, 7 शहरों में भी बारिश से राहत, पश्चिम में हीटवेव बरकरार

Rajasthan Storm and Rain: राजस्थान के पश्चिमी जिलों में हीटवेव का दौर जारी है और दिन में झुलसाने वाली गर्मी का दौर चल रहा है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवा एक्टिव होने से प्रदेश के पूर्वी भागों में मौसम ने फिर पलटा खाया है।

2 min read
Google source verification
पत्रिका फाइल फोटो
Play video

पत्रिका फाइल फोटो

Rajasthan Storm and Rain: राजस्थान के पश्चिमी जिलों में हीटवेव का दौर जारी है और दिन में झुलसाने वाली गर्मी का दौर चल रहा है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के साथ बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवा एक्टिव होने से प्रदेश के पूर्वी भागों में मौसम ने फिर पलटा खाया है।
मौसम विभाग ने अगले 3 घंटे में भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले में तेज अंधड़ चलने और कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ बौछारें गिरने की आशंका के चलते येलो अलर्ट भी जारी किया है। बुधवार सुबह दौसा जिले के कई भागों में तेज अंधड़ चला और फिर तेज बौछारों संग चने के आकार के ओले गिरने पर लोगों को गर्मी से राहत मिली।

दौसा में अंधड़ के साथ बारिश, ओले गिरे

दौसा जिले में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। बीती देर रात से जिले में बादलों की आवाजाही रहने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। बुधवार सुबह करीब एक घंटे तक जिले के कई भागों में तेज अंधड़ चला। धूलभरी आंधी चलने से लोगों की आवाजाही थम गई। अंधड़ के बाद सिकराय, महवा और बांदीकुई क्षेत्र में कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई। सिकराय क्षेत्र में सुबह अंधड़ के बाद बारिश हुई और बेर के आकार के ओले गिरे। बारिश और ठंडी हवा चलने से पारे में भी गिरावट दर्ज की गई।

अगले 3 घंटे में तीन जिलों में अंधड़, बारिश का अलर्ट

प्रदेश के भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले में अगले 3 घंटे में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से धूलभरी हवा चलने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मौसम में बदलाव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

येलो अलर्ट किया जारी

मौसम विभाग ने बुधवार को दौसा, अलवर, खैरथल-तिजारा, भरतपुर, करौली, सवाई माधोपुर तथा डीग जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम मेघगर्जन के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने और मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

जयपुर में बीती रात सबसे गर्म

जयपुर में बीती रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही और न्यूनतम तापमान 0.7 डिग्री बढ़कर 28.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जयपुर का अप्रेल माह में औसत न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस है जबकि इस बार अप्रेल माह में बीती रात शहर का न्यूनत तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस ​दर्ज हुआ जो औसत तापमान से 6.1 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा है। शहर में बीती रात जैसलमेर और बाड़मेर से भी ज्यादा गर्म रही है।

भट्टी की तरह तप रहा पश्चिमी राजस्थान

प्रदेश के पश्चिमी मैदानी इलाकों में सतही गर्म हवा चलने से रात के तापमान में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है। बीती रात पश्चिमी मैदानी भागों में फलोदी 31.0 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ प्रदेशभर में सबसे गर्म रहा। जोधपुर शहर 30.0, बाड़मेर 28.4, जैसलमेर 28.0 और कोटा में 30.0 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान ​दर्ज हुआ।

इन जिलों में भी गिरी बौछारें

मौसम विभाग की सूचना के अनुसार बीते 24 घंटे में हनुमानगढ़ के टिब्बी में सर्वाधिक 13 मिमी बारिश मापी गई। वहीं पिलानी 3.2, अलवर 3.8, फतेहपुर 3.4,चूरू 3.8, श्रीगंगानगर 2.6 और संगरिया में एक मिमी बारिश दर्ज की गई। बौछारों के कारण ​कई जिलों में रात के तापमान में गिरावट होने पर लोगों को गर्मी से आंशिक राहत मिली।