
आरोपी सुमित कुमार। फोटो: पत्रिका
जयपुर। राजस्थान इंटेलिजेंस की कार्रवाई में पकड़े गए एयरफोर्स में काम करने वाले निजी व्यक्ति सुमित कुमार का मामला सिर्फ एक गिरफ्तारी नहीं, बल्कि पाकिस्तानी हैंडलर्स के उस खतरनाक नेटवर्क की कहानी है, जो भोले-भाले लोगों को धीरे-धीरे जासूसी के जाल में फंसा रहा है। सत्संग, भरोसा और फिर संपर्क, इसी कड़ी के जरिए दुश्मन देश के एजेंट अपने मकसद पूरे कर रहे हैं।
राजस्थान इंटेलिजेंस ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार सुमित कुमार को सोमवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 2 अप्रेल तक रिमांड पर भेज दिया गया है। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। अब इंटेलिजेंस टीम उसे मौके की तस्दीक और साक्ष्य जुटाने के लिए जल्द ही असम लेकर जाएगी।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि वर्ष 2023 में गुवाहाटी में आयोजित एक बाबा के सत्संग के दौरान सुमित की मुलाकात एक संदिग्ध व्यक्ति से हुई। इस व्यक्ति ने सुमित से मोबाइल लेकर किसी से बातचीत की और बाद में उसे बताया कि वह सामने वाला व्यक्ति बाबा का भक्त है और एयरफोर्स से जुड़ा है।
यहीं से सुमित का संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़ गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, पाक एजेंट पहले धार्मिक आयोजनों, सामाजिक मेल-जोल या भरोसे के माहौल का सहारा लेकर संपर्क बनाते हैं। इसके बाद धीरे-धीरे बातचीत का दायरा बढ़ाकर संवेदनशील सूचनाएं हासिल करने की कोशिश की जाती है।
इंटेलिजेंस अधिकारियों का मानना है कि यह एक सुनियोजित रणनीति का हिस्सा है, जिसमें सीधे संपर्क की बजाय मध्यस्थों के जरिए टारगेट को जाल में फंसाया जाता है। सूत्रों के मुताबिक, सुमित कुमार असम के डिब्रूगढ़ स्थित चबुआ एयरफोर्स स्टेशन पर मल्टी टास्किंग स्टाफ (एमटीएस) के पद पर तैनात था।
गौरतलब है कि राजस्थान इंटेलिजेंस ने इसी साल जनवरी महीने में जैसलमेर निवासी झबराराम को अरेस्ट किया था, जो पाकिस्तान को खुफिया जानकारी सोशल मीडिया के जरिए भेजता था। पकड़े गए पाक जासूस झबराराम ने पूछताछ के दौरान सुमित कुमार का नाम लिया था। इसके बाद राजस्थान इंटेलीजेंस की टीम ने एयरफोर्स इंटेलीजेंस नई दिल्ली के साथ मिलकर आरोपी सुमित कुमार को चबुआ से हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी सुमित को जयपुर लाया गया, जहां केंद्रीय पूछताछ केंद्र पर विभिन्न खुफिया एजेंसियां आरोपी से पूछताछ में जुटी हुई है।
Updated on:
24 Mar 2026 08:33 am
Published on:
24 Mar 2026 08:33 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
