
Rajathan News: बहरोड़ क्षेत्र के अनन्तपुरा निवासी महिला डॉ. भावना यादव की संदिग्ध मौत मामले में हिसार पुलिस ने आरोपी क्लर्क उदेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। हिसार सिविल लाइंस थानाधिकारी कविता ने बताया कि बहरोड़ के अनन्तपुरा निवासी गायत्री देवी ने जयपुर एसएमएस पुलिस थाने में उसकी बेटी डॉ. भावना यादव को रेवाड़ी हरियाणा निवासी हिसार कृषि विश्वविद्यालय के क्लर्क उदेश यादव के खिलाफ जलाकर हत्या करने का संदेह का मामला जीरो एफआईआर के माध्यम से दर्ज करवाया था।
पुलिस थाने में जीरो एफआईआर आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। डॉक्टर की संदिग्ध हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी उदेश यादव को गुरुवार देर रात को गिरफ्तार किया है। जिसे शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। ताकि पूछताछ के दौरान घटना की सम्पूर्ण जानकारी मिल सके।
वहीं, मृतका डॉ. भावना यादव व आरोपी उदेश यादव के बीच लंबे समय से संपर्क था। जिसके चलते वह हिसार कृषि विश्वविद्यालय में आ चुकी थी। उदेश यहां पर क्लर्क है। 24 अप्रैल को शाम के समय डॉ भावना करीब 80 प्रतिशत जल गई थी और उसे उदेश ने हिसार के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इसके बाद मृतका डॉ. के परिजनों को सूचना दी थी। जहां पर मृतका के परिजन उसे हिसार से जयपुर के एसएमएस अस्पताल में इलाज के लिए लेकर गए थे। एसएमएस अस्पताल में इलाज के दौरान डॉ. भावना की मौत हो गई थी।
हिसार डीएसपी तनुज शर्मा ने बताया- पूछताछ में सामने आया कि डॉ. भावना यादव और आरोपी उदेश दोनों पहली बार 2018 में एक शादी समारोह में मिले थे। दोनों में उसी समय जान पहचान हुई थी। दोनों के बीच उसी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे।
उदेश यादव ने अपनी मामी और उसके परिजनों के माध्यम से शादी का प्रस्ताव भावना के परिजनों तक पहुंचाया। लेकिन डॉ. भावना की मां ने शादी करने से इनकार कर दिया। दरअसल, डॉ. भावना उदेश के मामा की साली थी। उदेश ने पुलिस को बताया कि भावना उससे मिलने के लिए कई बार हिसार आ चुकी थी और शादी करने का दबाव बना रही थी। वो चाहती थी कि पत्नी को तलाक देने के बाद उससे शादी करूं।
मामले में नया मोड़ तब आया जब उदेश यादव की पत्नी निक्की का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उसने अपने पति को निर्दोष बताया। निक्की ने बताया कि भावना और उदेश का रिश्ता पहले तय हुआ था, लेकिन भावना की मां ने एमबीबीएस की पढ़ाई के लिए उसे विदेश भेज दिया, जिससे रिश्ता टूट गया। इसके बावजूद भावना का प्रेम जारी रहा।
निक्की के मुताबिक, भावना कई बार हिसार आकर उदेश से मिलती थी और शादी का दबाव बनाती थी। निक्की ने बताया कि उसने पुलिस को 60 पेज की चैट सौंपी है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भावना एकतरफा प्रेम में थी और उदेश से मिलने, उसकी आवाज सुनने तक के लिए आग्रह करती थी।
डॉ. भावना की मां गायत्री देवी का आरोप है कि उनकी बेटी को जला कर मारा गया और उन्होंने इस मामले में हत्या की आशंका जताते हुए आरोपी उदेश के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अब इस मामले में आईटी एंगल, चैट्स, कॉल रिकॉर्ड्स और घटनास्थल की फोरेंसिक रिपोर्ट को आधार बनाकर जांच को आगे बढ़ा रही है। आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ में कई और राज सामने आने की उम्मीद है।
Updated on:
2 May 2025, 2:39 PM IST
Published on:
2 May 2025, 2:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.