जयपुर. शहर की राहें न तो आसान हैं और न ही सुरक्षित। दिनदहाड़े ही मारपीट व लूट की घटनाओं से आमजन परेशान है। वहीं, शहर की सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी महज दिखावा साबित हो रही है। जहां लोगों की आवाजाही कम होती है, वहां पहले से ही बदमाश डेरा जमाए रहते हैं और जैसे ही कोई मिल जाता है तो उससे मारपीट कर रुपए, बाइक, मोबाइल या चेन छीन ले जाते हैं। पीड़ित पुलिस कंट्रोल रूम में फोन लगाता है तो काफी देर तक लाइन व्यस्त रहती है और जब कॉल रिसीव किया जाता है तब तक देर हो चुकी होती है। प्रताप नगर, जवाहर सर्कल, शिप्रापथ और बगरू में इसी तरह के मामले सामने आए हैं।