जयपुर। राजस्थान के सरकारी स्कूलों में इस बार 25 दिसम्बर से शीतकालीन अवकाश नहीं होंगे। हालांकि राजस्थान सरकार ने अभी तक इस संबंध में कोई आदेश जारी नहीं किए हैं, लेकिन इस दौरान स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। ऐसे में 25 दिसम्बर से शीतकालीन अवकाश की कोई संभावना नजर नहीं आती है।
पिछले दिनों शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भी शीतकालीन अवकाश 25 दिसम्बर से करने को लेकर एक बड़ा बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि राजस्थान में सर्दियों को देखते हुए ही शीतकालीन अवकाश घोषित किए जाएंगे। तभी से ही 25 दिसम्बर से शीतकालीन अवकाश को लेकर छात्रों-शिक्षकों के अलावा अभिभावकों में असमंजस का माहौल बना हुआ था। लेकिन अब शिक्षा विभाग ने शीतकालीन अवकाश के दौरान ही अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं रखी हैं, ऐसे में शीतकालीन अवकाश की उम्मीद 25 दिसम्बर से नजर नहीं आ रही है।