1 अगस्त 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Jaipur: 40 घंटे बाद टंकी से उतरे 3 छात्र नेता, देर रात सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच 3 मांगों पर बनी स​हमति

NSUI Protest Jaipur: छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर करीब 40 घंटे से पानी की टंकी पर चढ़े एनएसयूआइ के प्रभारी विजयपाल कुड़ी, छात्र नेता वियोना जाट और कोशेन खान शुक्रवार रात 10:40 बजे सरकार से वार्ता के बाद टंकी से नीचे उतर आए।
3 min read
Google source verification
Jaipur NSUI Protest

जयपुर में टंकी से उतरते आंदोलनकारी स्टूडेंट। फोटो: पत्रिका

Rajasthan Student Union Elections: जयपुर। टोंक फाटक की पानी की टंकी पर छात्र आंदोलन शुक्रवार को सड़क तक पसर गया। टंकी पर डटे तीनों प्रदर्शनकारियों (2 छात्र-1 छात्रा) के देर रात नीचे उतरने से पहले उनके समर्थन में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआइ) कार्यकर्ताओं ने टोंक रोड पर उतर आए। सरकार और आंदोलनरत छात्रों के बीच तीन बिंदुओं पर सहमति बन गई। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और आदर्श नगर विधायक रफीक खान ने भी मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की। इसके बाद सरकार और छात्र नेताओं के बीच वार्ता हुई, जिसमें सहमति बनने के बाद 2 छात्र और 1 छात्रा पानी की टंकी से नीचे उतरे।

इससे पहले दिनभर पुलिस और प्रशासन उन्हें समझाने में जुटा रहा। जयपुर के टोंक रोड पर छात्रों की हलचल से पूरे दिन जाम के हालात बने रहे। छात्रों ने रोड जाम करने का प्रयास किया और सड़क पर लेटकर विरोध जताया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर 11 छात्रों को हिरासत में लिया, लेकिन तब तक शहर की सबसे व्यस्त सड़क पर लंबा जाम लग चुका था। यातायात पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात किए और वाहनों को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शन के कारण दबाव कम नहीं हो सका।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया

टोंक रोड और उससे जुड़े मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। स्थिति बिगड़ती देख पहले से तैनात पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को हटाया। कुछ छात्रों को पुलिसकर्मियों ने उठाकर और घसीटते हुए पुलिस वाहनों में बैठाया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

11 छात्रों को लिया हिरासत में

पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान रितु बराला, सतीश गुर्जर, विकल्प शर्मा, गौतम सोनी, जतिन जोरवाल, मनमोहन सैनी, संजय गुर्जर, जितेंद्र गुर्जर, महेश, महेश जाट और रामसिंह सामोता सहित 11 लोगों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया।

लग गईं लंबी कतारें

टोंक फाटक पुलिया पर रामबाग से गोपालपुरा, गोपालपुरा से रामबाग और अजमेरी गेट की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन चालक 20 से 30 मिनट तक जाम में फंसे रहे। जाम के कारण ऑफिस से घर लौट रहे कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और मरीजों को लेकर जा रहे वाहन भी प्रभावित हुए। यातायात पुलिस के ट्रैफिक सुचारू रखने के प्रयास धरातल पर नाकाफी साबित हुए।

तीन बिंदुओं पर बनी सहमति

छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर करीब 40 घंटे से पानी की टंकी पर चढ़े एनएसयूआइ के प्रभारी विजयपाल कुड़ी, छात्र नेता वियोना जाट और कोशेन खान शुक्रवार रात 10:40 बजे सरकार से वार्ता के बाद टंकी से नीचे उतर आए। शाम को नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और आदर्श नगर विधायक रफीक खान ने भी मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की।

इसके बाद सरकार और छात्र नेताओं के बीच वार्ता हुई, जिसमें तीन प्रमुख बिंदुओं पर सहमति बनी। तय हुआ कि 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल उपमुख्यमंत्री एवं उच्च शिक्षा मंत्री से मिलकर छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग रखेगा। शनिवार को प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से भी मुलाकात होगी। साथ ही टंकी पर चढ़ आंदोलन करने वाले तीनों छात्र नेताओं के खिलाफ किसी प्रकार का मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा।