
Jaipur News: राजस्थान में पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है और सैलानियों का जयपुर आने का सिलसिला भी जारी है। वहीं अब 9 नवंबर से लेकर फरवरी तक वेडिंग टूरिज्म को भी पंख लगेंगे। इसके बाद 7 से 9 मार्च तक जयपुर में तीन दिन हॉलीवुड-बॉलीवुड सितारों का जमघट रहेगा और आइफा-25 का जलवा देश-दुनिया देखेगी। वेडिंग एक्सपर्ट का कहना है कि फरवरी तक शहर में भारी-भरकम खर्च वाली 2 हजार शादियां होंगी। माना जा रहा है कि इन शादियों से 6 हजार करोड़ रुपए का कारोबार अकेले जयपुर में होने की उम्मीद है, ऐसे में ये राजस्थान के लिए एक बड़ी खुशखबरी है।
जयपुर देश-दुनिया में प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर अपनी पहचान बना चुका है। दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों से लोग राजस्थान आकर शादी करना चाहते हैं। यही वजह है कि फरवरी तक शहर के सभी पांच सितारा होटल बुक हो चुके हैं।
इसके बाद जयपुर में 7 से 9 मार्च तक आइफा-25 का आयोजन होगा। बॉलीवुड-हॉलीवुड के नामचीन सितारे जयपुर की जमीं पर रहेंगे और पिंकसिटी में आइफा का हिस्सा बनेंगे। आइफा में आने वाले मेहमानों के लिए शहर के बड़े होटल बुक हो चुके हैं। वहीं नवंबर से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े स्टार्स का राजस्थान आने का सिलसिला शुरू होगा। वे वीकेंड यहीं गुजारेंगे।
फेडरेशन ऑफ राजस्थान इवेंट मैनेजर्स व वेडिंग एक्सपर्ट महावीर प्रताप शर्मा का कहना है कि पांच सितारा होटल बुक हो चुके हैं। मोटे खर्च की शादियों की बात करें तो हर महीने शहर के 50 फाइव स्टार होटलों में 2 हजार शादियां होंगी। अकेले जयपुर में ही 6 हजार करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है। मार्च में आइफा जैसा बड़ा इवेंट शहर में होगा।
Updated on:
22 Oct 2024, 2:22 PM IST
Published on:
21 Oct 2024, 7:38 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.