10 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जयपुर में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर फटा, उखड़ा लोहे का कवर, पैदल जा रहे युवक की सिर में लगने से मौत

राजधानी में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सांगानेर सदर थाना इलाके में अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर अचानक फट गया।

2 min read
Google source verification
crime news

crime news

जयपुर। राजधानी में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सांगानेर सदर थाना इलाके में अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर अचानक फट गया। टायर फटने के साथ उसका लोहे का कवर तेज धमाके के साथ उखड़कर दूर जा गिरा। करीब 10 फीट दूर पैदल जा रहे युवक के सिर में वह लोहे का कवर जा लगा। गंभीर चोट लगने से युवक सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही हालत बिगड़ गई।

वाटिका बस स्टैंड के पास हुआ हादसा

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान विनोदीलालपुरा निवासी रोहित धानका (19) के रूप में हुई है। हेड कॉन्स्टेबल राम सिंह ने बताया कि रोहित शनिवार सुबह करीब 10 बजे वाटिका बस स्टैंड से पैदल जा रहा था। इसी दौरान वाटिका से रिंग रोड की ओर जा रही बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली का टायर तेज धमाके के साथ फट गया। टायर फटने के कारण ट्रॉली के ऊपर लगा भारी लोहे का कवर उखड़ गया और हवा के दबाव से तेज रफ्तार में उड़ता हुआ सीधे रोहित के सिर में जा लगा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसका सिर फट गया और वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया।

ड्राइवर ट्रैक्टर छोड़कर फरार

हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सांगानेर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोहित को तुरंत महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस की ओर से पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपूर्द किया जाएगा।

अवैध बजरी परिवहन पर फिर उठे सवाल

हादसे के बाद अवैध बजरी परिवहन को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार ओवरलोड और अवैध बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली दौड़ते रहते हैं, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।