
जयपुर
दिवाली से पहले किशनपोल बाजार में यातायात खोल दिया जाएगा। स्मार्ट सिटी के तहत किशनपोल बाजार में स्मार्ट रोड करीब-करीब बनकर तैयार हो गई है। स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से एक नवम्बर को किशनपोल बाजार में यातायात शुरू करने की तैयारी कर ली गई। इसके लिए एक-दो दिन में ट्रैफिक पुलिस को लेटर लिखा जाएगा। इसके बाद यातायात को खोल दिया जाएगा। किशनपोल बाजार में स्मार्ट रोड के काम के चलते गत ६ सितंबर को एक तरफ का यातायात बंद कर दिया है। बाजार में अजमेरी गेट से छोटी चौपड़ की तरफ जाने वाले यातायात को बंद कर स्मार्ट रोड बनाने के काम शुरू कर दिया है। वहीं दिवाली पर बाजारों में सामूहिक सजावट करने के लिए व्यापारियों को सामान्य दर पर बिजली देने की कवायद शुरू हो गई है। व्यापार मंडल की ओर से जयपुर डिस्कॉम को प्रस्ताव दिया गया, जिसे सरकार ने निर्वाचन विभाग के पास अनुमति के लिए भेज दिया है। इसके तहत सामूहिक सजावट करने पर व्यापारियों से अघरेलू श्रेणी की सामान्य दर ही ली जाएगी। यह 8.80 रुपए प्रति यूनिट (500 यूनिट से ज्यादा उपभोग करने पर) है। इसके अलावा 105 रुपए प्रति किलोवॉट फिक्स चार्ज है। जबकि छूट नहीं मिलने की स्थिति में सामान्य दर की डेढ़ गुना राशि देनी होगी। सामान्य तौर पर व्यापार मंडल धनतेरस से एक दिन पहले से और दिवाली के दूसरे दिन तक सामूहिक सजावट करते आ रहे हैं। ऐसे में करीब 5 दिन सजावट में उपयोग में आने वाली बिजली की दर में छूट मिलेगी।