
राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी संघ की ओर से 2400 ग्रेड पे की मांग को लेकर चल रही हड़ताल को लेकर सरकार ने सख्त रूख अपना लिया है। डूंगरपुर में 26 कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए नौ जनों को गिरफ्तार भी किया। उधर, गुरुवार शाम को कई कार्मिक काम पर लौट आए।
तकनीकी कर्मचारियों को 2400 ग्रेड पे सहित विभिन्न मांगों को लेकर राजस्थान तकनीकी कर्मचारी संघ ने आठ दिसम्बर से टूलडाउन कर दिया था। डूंगरपुर में भी करीब पौने दो सौ कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों तक बिजली गुल रही। सरकार ने पहले ही हड़ताल पर प्रतिबंध लगा दिया था। साथ ही रेसमा लागू करते हुए हड़ताली कार्मिकों की धरपकड़ के आदेश जारी कर दिए थे।
इनके खिलाफ प्रकरण
अधीक्षण अभियंता ने कोतवाली थाने में 26 कार्मिकों के खिलाफ रेसमा अधिनियम की धारा 4 व 5 के तहत प्रकरण दर्ज कराया। इसमें शेरसिंह मीणा, मुकेश मेणात, मणिलाल, खेमराज यादव, अरविन्द, पुखराज मीणा, हरीशचंद्र कलासुआ, दिनेश बरण्डा, परमार चंदभानसिंह, हरकेशमीणा, जयनारायण मीणा, मनीष मीणा, अविराम मीणा, रामावतार मीणा, मंदीप पवन, राममूर्ति मीणा, शैलेंद्र मीणा, अखिलेश मीणा, प्रशान्त भावसार, मुकेश परमार, लोकेश शर्मा, भूरसिंह, सूर्यवीर तथा बनेसिंह को नामजद किया है। पुलिस ने दिनभर दबिश देकर पुखराज, हरीशचंद्र, हरकेश, जयनारायण, मनीष कुमार, अविराम, राममूर्ति, राजेश तथा वासुदेव परमार को गिरफ्तार किया।
जाप्ता तैनात, भूमिगत
इधर, नया अस्पताल के समीप स्थित विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता कार्यालय में सुबह से पुलिस बल तैनात रहा। शहर कोतवाल मनोज सामरिया भी काफी देर तक वहां मौजूद रहे। सरकार की सख्ती के चलते हड़तालरत कार्मिक गुरुवार को भूमिगत हो गए। पुलिस उनकी तलाश में दबिश देती रही।
सीटू का मिला समर्थन
तकनीकी कार्मिकों की हड़ताल को सीटू ने समर्थन देते हुए सरकार की दमनात्मक कार्रवाई की निन्दा की। जिला संयोजक लक्ष्मण हड़ात ने कार्मिकों से वार्ता कर उनकी मांगों का सकारात्मक समाधान निकालने की मांग की।
20 कार्मिक लौटे
धम्बोला सहायक अभियंता विद्युत वितरण निगम लिमिटेड कार्यालय क्षेत्र में गुरुवार को 38 कर्मचारी हड़ताल पर रहे। इनमें से देर शाम सात बजे तक 20 कर्मचारी सेवा पर वापस लौट गए। सहायक अभियंता विनोद खंडेलवाल ने बताया कि गुरुवार को बिजली की स्थिति पिछले दिनों की तुलना में सामान्य रही। हड़ताली कर्मचारियों के सेवा पर लौटने का क्रम जारी रहा।
बड़ी खबरें
View Allट्रेंडिंग
