
अपराधों में आगे और जीडीपी में राष्ट्रीय एवरेज से नीचे राजस्थान-शेखावत
जयपुर। केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि जो राजस्थान अगड़े राज्यों की श्रेणी में आता था, वो गहलोत सरकार के कार्यकाल में चारों तरफ से पिछड़ गया। यदि कहीं प्रगति हुई है तो वो अपराध क्षेत्र में हुई है। आज प्रदेश महिला अत्याचार और बेरोजगारी में नंबर वन है।
शेखावत ने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कहते हैं कि राजस्थान अन्य प्रदेशों की तुलना में जीडीपी योगदान में आगे है, जबकि हकीकत यह है कि राजस्थान जीडीपी के दृष्टिकोण से नौ बड़े प्रांतों में नौवें नम्बर पर है। पूरे देश के परिप्रेक्ष्य में बात करें तो यह 10वें नंबर पर है। सबसे महत्वपूर्ण तथ्य यह है कि जहां जीडीपी ग्रोथ में भारत विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। हमारी एवरेज ग्रोथ 7.50 प्रतिशत है। राजस्थान नेशनल एवरेज से भी काफी नीचे है। यह 21वें नंबर पर है। छोटे-छोटे राज्य भी राजस्थान से आगे हैं। प्रति व्यक्ति आय के मामले में भी राजस्थान 10वें-11वें नंबर पर है। उन्होंने कहा कि राजस्थान बेरोजगारी, महिलाओं से रेप और भ्रष्टाचार में पहले नंबर पर है।
सीएम की न्यायपालिका पर टिप्पणी उनकी बेचैनी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा न्यायपालिका पर टिप्पणी करने पर शेखावत ने कहा कि इससे प्रतीत होता है कि गहलोत मानसिक रूप से बेचैन हैं। पिछले साढ़े चार साल में कांग्रेस में जिस तरह की आंतरिक परिस्थितियां रहीं। पार्टी में अंदरूनी तौर पर उठापटक होती रही। शेखावत ने कहा कि देश के लोग न्यायपालिका पर भरोसा करते हैं। यह लोकतंत्र की सफलता का मुख्य आधार माना जाता है। अदालतों के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
जनता में सरकार के प्रति बढ़ रहा जनाक्रोश
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पांच-छह मुद्दों पर गहलोत सरकार के प्रति जनता में आक्रोश तीव्र होता जा रहा है। महिला अत्याचार बढ़ रहे हैं। बहु-बेटियां न घर से सुरक्षित हैं, न घर से बाहर। भ्रष्टाचार का बोलबाला। भ्रष्टाचारियों को पकड़ भी लिया जाता है तो सरकार अभियोजन की स्वीकृति नहीं दे रही। इससे भ्रष्टाचारियों के हौसले बुलंद हैं। हालात यह हैं कि प्रदेश की राजधानी में स्थिति योजना भवन में भी करोड़ों रुपए कैश निकल रहा है।
Published on:
31 Aug 2023 07:09 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
