
IMD heavy rain alert
Rajasthan rain news: जयपुर. भारत मौसम विज्ञान विभाग, जयपुर केंद्र ने 21 मार्च 2026 को राज्य के कई जिलों के लिए तात्कालिक (नाउकास्ट) चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार जैसलमेर, बीकानेर और श्रीगंगानगर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जहां मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, हनुमानगढ़, बाड़मेर, जयपुर, जोधपुर, नागौर, बारां, कोटा व करौली जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में भी मेघगर्जन, हल्की बारिश और 20 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर शरण लें और पेड़ों या कमजोर संरचनाओं के नीचे खड़े होने से बचें। साथ ही, बिजली उपकरणों के प्लग निकालने और खुले स्थानों से दूर रहने की हिदायत दी गई है।
विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी कुछ घंटों तक मौसम में तेजी से बदलाव हो सकता है, इसलिए सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव देखने को मिला, जहां पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा मांडावर और झुंझुनूं में 18 मिमी रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 2 से 8 डिग्री कम है। वहीं, सबसे अधिक तापमान टोंक (वनस्थली) में 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आज जैसलमेर, बाड़मेर और आसपास के जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है, जबकि राज्य के शेष अधिकांश हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा।
विभाग ने बताया कि एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 मार्च को पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद अगले 4 से 5 दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
अच्छी बात यह है कि आने वाले एक सप्ताह तक प्रदेश में हीटवेव (लू) की स्थिति बनने की कोई संभावना नहीं है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
Updated on:
21 Mar 2026 04:37 pm
Published on:
21 Mar 2026 04:31 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
