
Weather Update: जयपुर. प्रदेश समेत उत्तर भारत में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम ईरान और आसपास के क्षेत्रों में 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) बना हुआ है। इसके साथ ही 12.6 किलोमीटर ऊंचाई पर करीब 105 नॉट्स की रफ्तार वाली सबट्रॉपिकल वेस्टर्ली जेट स्ट्रीम उत्तर भारत के ऊपर प्रभावी है। इसी मौसमी सिस्टम के चलते आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
मौजूदा स्थिति की बात करें तो उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में कहीं-कहीं कोहरे की सूचना दर्ज की गई है, जबकि अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में 19 से 22 दिसंबर के बीच बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क ही बना रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक 24 दिसंबर से तस्वीर बदलने की पूरी संभावना है। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से न्यूनतम तापमान में फिर 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे सुबह और रात के समय सर्दी का असर बढ़ेगा।
Updated on:
19 Dec 2025 11:18 am
Published on:
19 Dec 2025 11:18 am
