
राजस्थान में गर्मी का कहर, तीन लोगों की मौत, चौथे दिन भी चुरू सबसे गर्म
विजय शर्मा / जयपुर। एक सप्ताह से प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। प्रदेश का अभी तक सर्वाधिक पारा चुरू में 50.8 तक पहुंच गया है। जून के शुरूआती चार दिन से गर्मी कहर ढा रही है। लगातार चौथे दिन फिर चुरू में सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को पारा 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं तापमापी घडिय़ों में पारा 50 डिग्री दर्ज किया गया। पत्रिका ने नेचर पार्क स्थित वॉच टावर पर 55 फीट ऊपर तापमापी घड़ी में पारा चेक किया तो 50 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरा सबसे गर्म जिला श्रीगंगानगर की बजाय मंगलवार को कोटा रहा। कोटा में सर्वाधिक तापमान 47.3 डिग्री दर्ज किया गया। जयपुर में तापमान 45.0 डिग्री दर्ज किया गया।
इधर भीषण गर्मी से प्रदेश में तीन जनों की मौत सामने आई है। धौलपुर के मनियां थाना इलाके के ऐदलपुर गांव में हरीसिंह लोधा (45) गांव की नरेगा मजदूरी के काम के दौरान तबियत खराब होने के बाद मौत हो गई। नरेगा कर्मी उसे लेकर मनियां अस्पताल आए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। टोंक के निवाई उपखण्ड के मोटूका गांव में मंगलवार दोपहर गर्मी की चपेट में आने से मोटूका निवासी हंसराज (45) पुत्र बद्रीलाल गुर्जर की मौत हो गई। खेत पर जाते वक्त वह रास्ते में अचेत होकर गिर गया था। जोधपुर में के प्रतापनगर थानान्तर्गत चौपासनी रोड पर कोरियर वितरण करने के दौरान गर्मी के कारण फैजा आम मस्जिद के पास निवासी अब्दुल रहीम पठान (65)की मृत्यु गर्मी से मौत हो गई।
झालावाड़ में आई राहत की बूंदें
झालावाड़ जिले के पिड़ावा में शाम पांच बजे आंधी व बरसात ने राहत दी। मौसम विभाग ने पांच दिन के लिए प्रदेश के 29 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।
दमकल ने किया सड़कों पर छिड़काव
जोधपुर में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित होने लगा है। गर्मी से राहत दिलाने के लिए नगर निगम की ओर से मंगलवार को दूसरे दिन भी दमकल की सहायता से सड़कों पर पानी की छिड़काव किया गया।
Published on:
04 Jun 2019 08:26 pm
