
Rajasthan News: राजधानी जयुपर के सांगानेर इलाके में बीते शुक्रवार को हुए डबल मर्डर का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जयपुर के सांगानेर, ब्रह्मपुरी, मालपुरा और अन्य थाना क्षेत्रों में हत्याएं, लूट और मादक पदार्थ तस्करी के मामले सामने आए हैं। इन सबको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राज्य सरकार और पुलिस पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
दरअसल, बीते शुक्रवार को सीएम भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर इलाके में शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे एक दंपती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक राजाराम और उनकी पत्नी आशा दोनों सांगानेर रीको क्षेत्र में एक फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। इस घटना के बाद विपक्ष सत्ता पक्ष पर निशाना साध रहा है।
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने राजस्थान पत्रिका की एक खबर शेयर करते हुए एक्स पर लिखा कि, जयपुर को क्यों बनने दिया जा रहा है क्राइम कैपिटल? यह आज के अखबार के समाचार हैं जिसमें जयपुर में बिगड़ती कानून व्यवस्था की स्थिति स्पष्ट हो रही है। राजस्थान में लगातार अपराध बढ़ते जा रहे हैं पर ऐसा लगता है कि राज्य सरकार का इस ओर कोई ध्यान ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि जयपुर में आए दिन मर्डर, रेप, लूट जैसे मामले आम होते जा रहे हैं। प्रदेश की राजधानी की ऐसी स्थिति है तो बाकी जिलों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। राज्य सरकार और पुलिस अपराधों को रोकने में नाकाम साबित हो रही है। अशोक गहलोत ने कहा कि जयपुर की जनता जानना चाहती है कि आखिर कब शहर में ऐसा वातावरण बन सकेगा जिससे आमजन में भय की स्थिति न रहे।
गौरतलब है कि इससे पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की जनसुनवाई में भी फरियादी पुलिस की उदासीनता की शिकायतें लेकर आते हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती। ऐसे तमाम वीडियो सामने आए हैं, जिनमें मुख्यमंत्री की जनसुनवाई तक में फरियादियों ने आकर पुलिस की ओर से सुनवाई न करने की शिकायतें दी हैं। ऐसा लग रहा है कि पुलिस परवाह नहीं कर रही है।
Published on:
25 Jan 2025 09:52 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
