
4 घंटे सड़कों पर रहे आयुक्त गौरव सैनी (फोटो- पत्रिका)
Jaipur News: जयपुर शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम जयपुर ने सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त गौरव सैनी के निर्देश पर विभिन्न जोनों में लापरवाही बरतने वाले 25 से अधिक सफाई कार्मिकों एवं कार्यवाहक स्वास्थ्य निरीक्षकों के विरुद्ध 17 सीसीए के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए चार्जशीट जारी की गई है।
आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि कोई भी कर्मचारी अपने दायित्वों की अनदेखी करता है या शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतता है तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी जोन अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, क्षेत्रवार मॉनिटरिंग और समयबद्ध शिकायत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम जयपुर के आयुक्त ने सोमवार देर रात करीब चार घंटे तक विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। रात्रिकालीन सफाई, मैकेनाइज्ड स्वीपिंग, अतिक्रमण और प्रकाश व्यवस्था की स्थिति का मौके पर जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। आयुक्त ने निरीक्षण की शुरुआत टोंक रोड से की। इसके बाद स्टैच्यू सर्कल, अंबेडकर सर्कल, रामबाग सर्कल और सवाई मानसिंह अस्पताल क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां चल रही मैकेनाइज्ड स्वीपिंग मशीनों के कार्य को परखा गया।
जहां-जहां कचरे के ढेर नजर आए, वहीं से संबंधित अधिकारियों को फोन कर तुरंत सफाई करवाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अस्थाई रूप से लगाई गई दुकानों के आसपास फैली गंदगी पर आयुक्त ने नाराजगी जताई। विजिलेंस टीम को मौके पर बुलाकर अतिक्रमण हटवाया गया तथा संबंधितों से केरिंग चार्ज वसूलने के निर्देश दिए।
Updated on:
04 Mar 2026 08:53 am
Published on:
04 Mar 2026 08:52 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
