
राजस्थान की महिला कबड्डी खिलाडि़यों को मिली सौगात
जयपुर. प्रो कबड्डी लीग में राजस्थान के पुरुष खिलाड़ी बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं और जयपुर पिंक पैंथर्स के साथ ही दूसरी फ्रेंचाइजी टीमों को लुभाने में सफल हो रहे हैं। लेकिन प्रदेश की महिला खिलाड़ी अब भी एक अच्छे मौके की तलाश में हैं। इन महिला खिलाडि़यों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए राजस्थान के पांच पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाडि़यों ने एक नई शुरुआत करने की ठानी है। जिससे न केवल महिला खिलाडि़यों को प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिलेगा बल्कि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने में सफल होंगी। ये पांच पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी हैं, अश्फाक अहमद, रामचन्द्र कसाना, गिरिराज किशोर शर्मा, निर्मलेश माथुर और हीरानंद कटारिया। ये पांचों मिलकर महिला खिलाडि़यों के लिए कबड्डी लीग की शुरुआत करने जा रहे हैं। हालांकि इस लीग को भारतीय कबड्डी फैडरेशन से मान्यता मिलेगी या नहीं इस पर अभी कुछ तय नहीं हो पाया है।
पांच जिलों में होगी लीग
लीग के सीईओ हीरानंद कटारिया ने बताया कि यह लीग प्रदेश के पांच जिलों में खेली जाएगी। इसके लिए इन जिलों में पहले ट्रायल रखी जाएगी और बेहतर खिलाडि़यों का चयन कर टीम तैयार की जाएगी। पांचों जिलों में होने वाले मुकाबलों का सीधा प्रसारण टीवी पर भी किया जाएगा। जयपुर में लीग के लिए ट्रायल हो चुकी है, जिसमें कुल 70 खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया। जल्द ही इन खिलाडि़यों में से बेहतर का चयन कर टीम की घोषणा की जाएगी।
बढ़ रही है कबड्डी की लोकप्रियता
प्रो कबड्डी लीग की शुरुआत के बाद इस खेल की लोकप्रियता काफी बढ़ी है। प्रो कबड्डी लीग के पिछले सत्र में महिला चैम्पियनशिप भी रखी गई थी, जिसमें राजस्थान की सुमित्रा शर्मा ने भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा जयपुर में भी एक निजी लीग का आयोजन किया गया था, जिसमें विभिन्न राज्यों की पुरुष व महिला टीमों ने शिरकत की थी। राजस्थान से अब तक कबड्डी के कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं, इनमें से दो बार एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य नवनीत गौतम को अर्जुन अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है। इस बार भी प्रदेश के तीन खिलाडि़यों का चयन एशियाई खेलों के लिए भारतीय कबड्डी टीम में किया गया है।
Published on:
11 Jul 2018 07:04 pm
