22 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

World Tourism Day: पर्यटन स्थलों पर फ्री एंट्री, राजस्थानी लोक संस्कृति से रूबरू हो रहे पर्यटक

World Tourism Day: विश्व पर्यटन दिवस पर आज प्रदेश के सभी संरक्षित स्मारकों व संग्रहालयों में पर्यटकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है।

2 min read
Google source verification
पर्यटन स्थलों पर फ्री एंट्री, राजस्थानी लोक संस्कृति से रूबरू हो रहे पर्यटक

पर्यटन स्थलों पर फ्री एंट्री, राजस्थानी लोक संस्कृति से रूबरू हो रहे पर्यटक

जयपुर। विश्व पर्यटन दिवस पर आज प्रदेश के सभी संरक्षित स्मारकों व संग्रहालयों में पर्यटकों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। इसके साथ ही पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों के तिलक लगाकर स्वागत किया जा रहा है, वहीं लोकरंग की छटा बिखर रही है। वहीं इससे पहले सुबह परकोटे में हैरिटेज वॉक का आयोजन किया गया।

राजधानी जयपुर के विश्वविख्यात हवामहल, आमेर महल सहित सभी पर्यटन स्थलों पर सैलानियों को नि:शुल्क प्रवेश दिया जा रहा है। जयपुर भ्रमण करने आने वाले देशी-विदेशी पावणों का प्रमुख स्मारक आमेर महल, हवामहल, जंतर-मंतर और अल्बर्ट हॉल पर माला पहनाकर और तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। पर्यटकों को राजस्थानी लोक संस्कृति से रूबरू कराने के लिए इन स्मारकों पर लोक कलाकारों की ओर से कच्ची घोड़ी नृत्य, कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुतियां दी जा रही है, वहीं बहरुपिया स्वांग के साथ शहनाई वादन किया जा रहा है। पर्यटकों के स्वागत के लिए रंगोली बनाई गई है।

राजस्थानी लोकरंग भी बिखर रहे
पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग के निदेशक डॉ. महेन्द्र खड़गावत ने बताया कि प्रदेश के संग्रहालयों व संरक्षित स्मारकों पर पर्यटकों का सुबह से ही तिलक लगाकर व माला पहनाकर स्वागत किया जा रहा है। पर्यटक स्थलों पर राजस्थानी लोकरंग भी बिखर रहे है। पर्यटक स्थलों पर साफ—सफाई का ध्यान रखने के भी निर्देश दिए गए है।

परकोटे में हैरिटेज वॉक
विश्व पर्यटन दिवस पर पर्यटन विभाग की ओर से परकोटे में दो रुट पर हैरिटेज वॉक का आयोजन किया गया। इसमें पर्यटकों के साथ साथ आईएचएम जयपुर के विधार्थियों को भी भ्रमण करवाया गया। राजस्थान की वास्तुकला, वॉक वे में किए गए संरक्षण और सौंदर्यकरण के कार्यों से रूबरू करवाया गया। साथ ही इस क्षेत्र में स्थित शिल्पी-कारीगरों के पारम्परिक कार्यों की जानकारी दी गई। पर्यटन विभाग के उपनिदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि आमेर में आई.एच.एम के छात्रों के लिए नेचर ट्रैक और होटल खासा कोठी से आमेर महल तक साईकिल टूर का भी आयोजन किया जा रहा है।