
IAS कनिष्क कटारिया (फाइल फोटो), सोर्स- पत्रिका नेटवर्क
Rajasthan IAS Transfer List: राजस्थान में लंबे इंतजार के बाद सरकार ने रविवार देर रात 62 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। इस तबादला सूची ने न केवल कई बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं, बल्कि वर्षों पुरानी परंपरा को भी तोड़ दिया। इस सूची में सबसे चौंकाने वाला नाम IAS हनुमान मल ढाका का है, जिन पर पिछले साल भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे।
हनुमान मल ढाका पर लैंड कन्वर्जन के बदले 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप था। एसीबी ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दूदू कलेक्टर कार्यालय में छापेमारी की थी। 27 अप्रैल 2024 को सरकार ने उन्हें एपीओ कर दिया था। अब उन्हें निदेशक, विभागीय जांच के पद पर नियुक्त किया गया है, जो कई सवाल खड़े कर रहा है।
इस तबादला सूची में सरकार ने एक ऐसी परंपरा तोड़ी जो अब तक अटल मानी जाती थी। सामान्यत: कार्मिक विभाग में तबादला सूची तैयार करने वाले अधिकारी को जिला कलेक्टर बनाया जाता था। लेकिन इस बार कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव कनिष्क कटारिया को भरतपुर विकास प्राधिकरण का आयुक्त नियुक्त किया गया। यह बदलाव संकेत देता है कि सरकार प्रशासनिक नियुक्तियों में नए मापदंड स्थापित कर रही है।
तबादला सूची में कई बड़े अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। आईएएस अखिल अरोड़ा को करीब पांच साल बाद वित्त विभाग से हटाकर जलदाय विभाग का प्रमुख बनाया गया। अरोड़ा ने गहलोत सरकार के तीन और भजनलाल सरकार के दो बजट तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अब वित्त विभाग की कमान वैभव गालरिया को सौंपी गई है।
आईएएस आनंद कुमार को ढाई साल बाद गृह विभाग से हटाकर वन विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) बनाया गया। उनकी जगह भास्कर ए. सावंत को एसीएस गृह की जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार ने कई मंत्रियों के विभागों के प्रमुख अधिकारियों को भी बदला है। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के वित्त और पर्यटन विभाग के प्रमुख बदले गए। वित्त विभाग की जिम्मेदारी वैभव गालरिया और पर्यटन विभाग की कमान राजेश कुमार यादव को दी गई।
उप-मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग का जिम्मा कुलदीप रांका को सौंपा गया। उद्योग मंत्री कर्नल राज्यवर्द्धन सिंह राठौड़ के विभाग में आलोक गुप्ता को प्रमुख शासन सचिव बनाया गया। सामाजिक न्याय, जलदाय, ऊर्जा, वन, खाद्य आपूर्ति, यूडीएच और स्वायत्त शासन विभागों के प्रमुख भी बदले गए।
गौरतलब है कि तबादला सूची में चिकित्सा विभाग से दो महिला आईएएस अधिकारियों को हटा दिया है। आईएएस नेहा गिरी को राजस्थान चिकित्सा सेवाएं निगम लिमिटेड (आरएमएससीएल) के पद से हटाकर आजीविका परियोजनाएं एवं स्वयं सहायता समूह में स्टेट मिशन निदेशक नियुक्त किया गया है।
कुछ महीने पहले नेहा गिरी और चिकित्सा विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के बीच विवाद की खबरें सामने आई थीं। वहीं, स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस एजेंसी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के रूप में कार्यरत आईएएस प्रियंका गोस्वामी को कोटपूतली-बहरोड़ का जिला कलेक्टर बनाया गया है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
23 Jun 2025, 3:35 PM IST
Published on:
23 Jun 2025, 3:35 PM IST
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़




